Udaipur Times, Udaipur News: राजस्थान मे मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजनान्तर्गत सम्मिलित प्रोफेशनल कोर्स हेतु आयोजित प्रवेश परीक्षाओं एवं सरकारी नौकरियों के लिए आयोजित होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी उत्कृष्ट ढंग से कराने एवं समान अवसर प्रदान करने के लिए विभाग द्वारा ऑनलाईन पोर्टल पर सूचीबद्ध कोचिंग संस्थानों में कोचिंग करने हेतु इच्छुक अभ्यर्थियों से सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाईन आवेदन करने की निर्धारित अंतिम तिथी 25 अक्टूबर तक बढाया गया है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक गिरीश भटनागर ने बताया कि योजनान्तर्गत आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अति पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग, आर्थिक पिछड़ा वर्ग एवं विशेष योग्यजन श्रेणी का सदस्य हाने के साथ राजस्थान राज्य का मूल निवासी होना चाहिए।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत परिवार की वार्षिक आय 8 लाख से कम हो या जिनके माता-पिता राजकीय कार्मिक पर पे मैट्रिक्स का अधिकतम लेवल-11 तक का वेतन प्राप्त कर रहे हैं ऐसे विद्यार्थियों को विभिन्न प्रोफेशनल कोर्स एवं नौकरियों के लिए आयोजित होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी उत्कृष्ट ढंग से करवाने का अवसर मिलेगा।
भटनागर ने बताया कि विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों की ओर से प्रत्येक वर्ग तथा परीक्षा के लिए निर्धारित सीट का चयन राज्य स्तर पर जारी मेरिट सूची के अनुसार किया जाता है। पात्र विद्यार्थी एसएसओ पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते है। मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना के संशोधित नवीनतम विस्तृत दिशा-निर्देश विभागीय वेबसाईट पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से संपर्क किया जा सकता है।