फैक्ट्री कर्मचारी की हार्ट अटैक से मौत के बाद मुआवज़े की मांग

मुआवजे की मांग पर अड़े परिजन

 | 
death in factory

उदयपुर 13 अगस्त 2025 । ज़िले के डबोक थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम मेवाड़ पॉलिटेक्स लिमिटेड फैक्ट्री में कार्यरत एक कर्मचारी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतक की पहचान उदयलाल प्रजापत (48) निवासी उदयपुर के रूप में हुई है। फैक्ट्री में काम करते वक्त अचानक वे सिर के बल गिर पड़े। साथियों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

बुधवार को मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में फैक्ट्री पहुंचकर विरोध-प्रदर्शन करने लगे। परिजन फैक्ट्री मालिक से मुआवजे की मांग पर अड़े हैं। मौके पर डबोक और फतहनगर थानों का पुलिस बल तैनात है।

डबोक थानाधिकारी हुकम सिंह ने बताया कि मृतक पिछले 7 महीने से फैक्ट्री में कार्यरत थे। हार्ट अटैक के बाद उन्हें डबोक अस्पताल ले जाया गया, जहां से निजी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

मृतक के भतीजे विकास प्रजापत ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री प्रबंधन ने समय पर इलाज नहीं कराया, जिससे जान नहीं बच पाई। फिलहाल शव एमबी अस्पताल में रखा गया है और परिजन मुआवजा मिलने तक पोस्टमॉर्टम कराने से इंकार कर रहे हैं।