लेपर्ड के हमले से किसान की बंदरों ने बचाई जान - गोगुंदा में चौंकाने वाली घटना

लोसिंग गांव में खेत पर काम कर रहे किसान पर लेपर्ड का हमला, बंदरों के झुंड ने बहादुरी दिखाकर बचाई जान

 | 

उदयपुर 1 अप्रैल 2026 - थाना क्षेत्र के लोसिंग गांव से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां बंदरों का झुंड देवदूत बनकर एक किसान की जान बचा गया। खेत पर काम कर रहे किसान पर अचानक लेपर्ड ने हमला कर दिया, लेकिन मौके पर मौजूद बंदरों के झुंड ने पैंथर को खदेड़ दिया।

जानकारी के अनुसार लोसिंग निवासी किसान तुलसीराम पालीवाल अपने खेत में गेहूं की फसल की कटाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक झाड़ियों में छिपे लेपर्ड ने उन पर हमला बोल दिया। हमले से घबराए किसान के बचाव में आसपास मौजूद बंदरों का झुंड तुरंत सक्रिय हो गया और पैंथर पर धावा बोल दिया। बंदरों के आक्रामक रवैये को देखकर लेपर्ड मौके से भाग खड़ा हुआ, जिससे किसान की जान बच गई। हालांकि हमले में तुलसीराम के पीठ और हाथ पर मामूली खरोंचें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घायल किसान को तुरंत लोसिंग अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।

इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना देकर लेपर्ड को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

#Udaipur #Gogunda #RajasthanNews #UdaipurNews #RajasthanWildlife #BreakingNewsIndia #VillageNews #WildlifeConflict #IndianVillages #LocalNewsRajasthan #PantherAttack #MonkeyRescue #ForestDepartment #RuralIndia

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal