सफाईकर्मियों को किया सम्मानित
निगम कार्यालय में आयोजित हुआ कार्यक्रम
उदयपुर 22 अप्रैल 2026 - स्वच्छ सर्वेक्षण में सराहनीय कार्य करने वाले सफाईकर्मियों के सम्मान हेतु नगर निगम उदयपुर द्वारा कार्यक्रम का आयोजन निगम कार्यालय में किया गया। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने 30 सफाईकर्मियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके समर्पण व मेहनत की सराहना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयुक्त अभिषेक खन्ना ने कहा कि शहर की स्वच्छता बनाए रखने में सफाईकर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उनके निरंतर प्रयासों के कारण ही उदयपुर शहर स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर निगम द्वारा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य न केवल सफाई व्यवस्था को मजबूत करना है, बल्कि आमजन को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनाना है।आयुक्त ने शहर के आमजन का आव्हान करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखना केवल निगम या सफाईकर्मियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।
इसी सोच के साथ निगम द्वारा जनजागरण अभियान चलाए जा रहे हैं, जिससे लोग स्वयं आगे आकर अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में योगदान दें। कार्यक्रम में सम्मानित किए गए सफाईकर्मियों को प्रमाण पत्र एवं सम्मान चिन्ह प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की गई। 20 महिलाओं एवं 10 पुरुष का किया सम्मान। स्वास्थ्य अधिकारी सुभाष चंद्र शर्मा ने बताया कि बुधवार को आयोजित हुए कार्यक्रम में 20 महिला सफाई कर्मियों का एवं 10 पुरुष सफाई कर्मियों का सम्मान किया गया। पृथ्वी दिवस पर किया वृक्षारोपण।
विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर नगर निगम द्वारा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नगर निगम प्रांगण स्थित नेहरू बाल उद्यान में संपन्न हुआ, जहां आयुक्त अभिषेक खन्ना ने स्वयं पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। आयुक्त ने इस अवसर पर कहा कि पृथ्वी को सुरक्षित और हरा-भरा बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे एक निरंतर अभियान के रूप में अपनाना आवश्यक है। कार्यक्रम में अधिशासी अभियंता अखिल गोयल, स्वास्थ्य निरीक्षक सुभाष चंद्र शर्मा सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
#Udaipur #Rajasthan #UdaipurNews #SwachhSurvekshan #SwachhBharat #EarthDay #CleanIndia #GreenUdaipur #MunicipalCorporation #LocalNews #SanitationWorkers #EcoAwareness #TreePlantation #UrbanDevelopment #IndiaNews
