उदयपुर पहुंची ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ अखिल भारतीय मोटरसाइकिल रैली, BSF कैंप में स्वागत

 | 
Fight Against Drugs Rally

 

Udaipur Times, Udaipur News: राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के उपलक्ष्य में गुजरात के केवड़िया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम के तहत निकाली जा रही अखिल भारतीय मोटरसाइकिल रैली ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ शुक्रवार शाम उदयपुर पहुंची। शहर में प्रवेश करने पर सुखेर क्षेत्र स्थित बीएसएफ कैंप, कविता में रैली का पारंपरिक राजस्थानी संस्कृति और राजकीय सम्मान के साथ स्वागत किया गया।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने रैली के टीम लीडर और अन्य अधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। इस दौरान रैली में शामिल अधिकारियों और जवानों को मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर तथा ऊपरना ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

स्वागत समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मुकुल शर्मा सहित संबंधित वृत्ताधिकारी, थानाधिकारी और पुलिस जवान मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने सुरक्षा, यातायात तथा कानून व्यवस्था की व्यवस्थाएं संभालीं।

शनिवार को होगा फ्लैग ऑफ कार्यक्रम

रैली के प्रतिभागी शुक्रवार रात उदयपुर में विश्राम करेंगे। शनिवार, 24 अक्टूबर को सुबह 8:30 बजे विद्याभवन परिसर में नशामुक्ति संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद सुबह 9 बजे फतहसागर की पाल पर मुख्य फ्लैग ऑफ कार्यक्रम होगा। इसकी अध्यक्षता उदयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान जागृति अभियान, यूनिसेफ, स्वयंसेवी संस्थाओं और कॉलेज विद्यार्थियों के सहयोग से नशामुक्ति के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। साथ ही नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News