भीलवाड़ा जिला प्रमुख चुनाव के दौरान हंगामा और धक्का-मुक्की पर FIR दर्ज

BJP ने कांग्रेस पर हमले का लगाया आरोप

 | 
Bhilwara

 

Udaipur Times, Bhilwara News: भीलवाडा जिला प्रमुख चुनाव के दौरान बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में हुए हंगामे और धक्का-मुक्की के मामले में देर रात एफआईआर दर्ज करवाई गई। भाजपा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर अपने जिला प्रमुख प्रत्याशी के साथ हमला करने का आरोप लगाया है। वहीं कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि घटना के वीडियो फुटेज सामने आने पर सच्चाई स्पष्ट हो जाएगी।

घटना 25 नवंबर को जिला प्रमुख चुनाव के दौरान हुई थी। भाजपा नेताओं ने बुधवार रात 11:33 बजे मामले में एफआईआर दर्ज करवाई।

मेवाड़ा बोले- प्रत्याशी के साथ हुई धक्का-मुक्की अशोभनीय

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने आरोप लगाया कि कलेक्ट्रेट परिसर में मीडिया, प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में उनके प्रत्याशी के साथ धक्का-मुक्की और हमला किया गया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का महापर्व उत्सव के रूप में मनाया जाना चाहिए। जनता का जो भी फैसला हो, उसे सभी को स्वीकार करना चाहिए, लेकिन इस तरह की घटना अशोभनीय है।

मेवाड़ा ने बताया कि मामले को लेकर जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया गया है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस ने आरोपों को बताया झूठा

दूसरी ओर कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामलाल जाट ने भाजपा के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि वह खुद घटनास्थल पर मौजूद थे। उनके अनुसार वोटिंग की लाइन में घुसने को लेकर कहासुनी हुई थी।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा की ओर से जीते हुए जिला परिषद सदस्यों को प्रलोभन देकर तोड़ने का प्रयास किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि वोटिंग की लाइन में धक्का-मुक्की होना सामान्य बात है और कार्यकर्ताओं में चुनाव के दौरान जोश रहता है, लेकिन हमले जैसी कोई घटना नहीं हुई।

रामलाल जाट ने पुलिस पर सत्ता के दबाव में कांग्रेस को एक भी पद नहीं जीतने देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लीगल टीम भी इस मामले में एफआईआर दर्ज करवाएगी।

वीडियो फुटेज के आधार पर होगी जांच

मामले में एएसपी राजेश आर्य ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच करेगी और घटनास्थल के वीडियो फुटेज के आधार पर तथ्य जुटाए जाएंगे। फिलहाल घटना को लेकर दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News