उदयपुर-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर विस्फोटक से भरे कंटेनर में लगी भीषण आग
ढाई घंटे तक जाम
Udaipur Times News, Crime News Udaipur वल्लभनगर 16 अक्टूबर 2026 । नेशनल हाईवे-48 पर मेनार-वाना के बीच गुरुवार रात करीब 8:30 बजे विस्फोटक सामग्री से भरे कंटेनर में भीषण आग लग गई। कंटेनर डिवाइडर से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया। चालक ने समय रहते कंटेनर से कूदकर अपनी जान बचा ली।
हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार, कंटेनर उदयपुर से चित्तौड़गढ़ की ओर जा रहा था। Road Mishap
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पीछे से आ रही एक कार के अचानक कट मारने पर उसे बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कंटेनर पुलिया की दीवार से टकरा गया और उसमें आग लग गई।
आग से कंटेनर का केबिन जलकर राख हो गया। कंटेनर में खनन कार्य में ब्लास्टिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली विस्फोटक सामग्री भरी होने की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में दहशत फैल गई। आग की ऊंची लपटों और पटाखों जैसी आवाजों से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद उदयपुर से दो और भींडर से एक दमकल मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत कार्य में एनएचएआई की टीम ने भी सहयोग किया। Fire in Moving Truck
दोनों तरफ 3 से 4 किलोमीटर तक लगी वाहनों की कतारें आग और विस्फोटक सामग्री की सुरक्षा को देखते हुए हाईवे पर करीब दो से ढाई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
उदयपुर और चित्तौड़गढ़ की ओर जाने वाले वाहनों की दोनों तरफ 3 से 4 किलोमीटर तक लंबी कतारें लग गईं। Udaipur News
इससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पर खेरोदा थाना सीआई परमेश्वर पाटीदार पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। वल्लभनगर डीएसपी श्रवणदास संत ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और उच्च अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया। हादसे में किसी के हताहत नहीं होने से प्रशासन ने राहत की सांस ली।