बांसवाड़ा के घाटोल में दो दुकानों में लगी भीषण आग
धमाकों की आवाज से मचा हड़कंप
Udaipur Times, Banswara News: बांसवाड़ा जिले के घाटोल के पुराने बस स्टैंड के पास नेशनल हाईवे-56 पर सोमवार देर रात करीब 3:30 बजे फ्लावर्स डेकोरेशन और दूध डेयरी की दुकान में आग लग गई। आग की लपटों के साथ दुकानों में हुए धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
धमाकों की आवाज सुनकर जागे पड़ोसियों ने बाहर निकलकर देखा तो दोनों दुकानों से धुआं और आग की लपटें उठ रही थीं। इसी दौरान रात्रि गश्त कर रही घाटोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बांसवाड़ा नगर परिषद की दमकल टीम को सूचना दी।
सूचना मिलने के करीब 20 मिनट बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। पुलिस और दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों और नुकसान का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।