उदयपुर में विश्वा ब्रांड के घी पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 158 लीटर से ज्यादा घी सीज
सरस डेयरी के दूध, दही और छाछ के भी 6 नमूने लिए, जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे
Udaipur Times News, उदयपुर, 17 नवंबर 2026 । जिले में मिलावटखोरी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए विश्वा ब्रांड और गौ मैत्री ब्रांड का कुल 158.200 लीटर घी सीज किया है। इसके अलावा उदयपुर सरस डेयरी के दूध, दही और छाछ के 6 नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं। सभी नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि 181 हेल्पलाइन पर विश्वा ब्रांड घी में मिलावट की शिकायत मिली थी। इसके आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई शुरू की।
टीम ने सबसे पहले कृषि मंडी स्थित हरे कृष्णा मार्केटिंग पर ग्राहक बनकर घी की जानकारी ली। इसके बाद गोदाम की जांच कर विश्वा ब्रांड घी का बिल प्राप्त किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी भूमिका राणावत ने यहां से घी का नमूना लिया। Udaipur News
बिल के आधार पर पहुंची टीम, 158.200 लीटर घी सीज
बिल के आधार पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी रणजीत सिंह चौहान मानवखेड़ा स्थित जी.एम. ट्रेडिंग पहुंचे। वहां से सुमन ट्रेडिंग कंपनी के बारे में जानकारी मिली। बताया गया कि इस फर्म के जरिए गुजरात स्थित विश्वा फूड प्रोडक्ट्स से स्टॉक की बिलिंग की गई थी।
इसके बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों रणजीत सिंह चौहान और रामावतार मीणा ने सुमन ट्रेडिंग कंपनी पर कार्रवाई की। यहां से घी के दो नमूने लिए गए। साथ ही 114 लीटर विश्वा ब्रांड घी और 44.200 लीटर गौ मैत्री घी सीज किया गया। कुल 158.200 लीटर घी जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
सरस डेयरी के 6 उत्पादों के नमूने लिए
इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा दल ने उदयपुर सरस डेयरी के विभिन्न पार्लरों से दूध, दही और छाछ के 6 नमूने लिए। इनमें पाश्चुरीकृत टोण्ड दूध, डबल टोण्ड दूध, फुल क्रीम दूध, स्टैंडर्डाइज्ड दूध, दही और छाछ शामिल हैं।
गोवर्धन विलास स्थित सबरी सरस पार्लर से टोण्ड और डबल टोण्ड दूध के नमूने लिए गए। कृषि मंडी, सविना स्थित किसान सरस पार्लर से फुल क्रीम दूध और छाछ के नमूने लिए गए। शास्त्री सर्कल स्थित सरस पार्लर से दही और हिरणमगरी स्थित सरस पार्लर से स्टैंडर्डाइज्ड दूध का नमूना लिया गया।
सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने खाद्य कारोबारियों से गुणवत्ता और साफ-सफाई का ध्यान रखने तथा निर्धारित श्रेणी का खाद्य अनुज्ञा पत्र बनवाकर प्रदर्शित करने की अपील की। विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में निरीक्षण और नमूने लेने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।