नाथद्वारा में दर्शन करने पहुंचे पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की अचानक तबीयत बिगड़ी

 | 
Jagdeep Dhankhar

 

Udaipur Times, Former Vice President Jagdeep Dhankhar: नाथद्वारा में प्रभु श्रीनाथजी के दर्शन करने पहुंचे पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की अचानक तबीयत बिगड़ गई। मंगला दर्शन के दौरान उन्हें घबराहट महसूस हुई, जिसके बाद तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। मंदिर परिसर और अस्पताल में उन्हें ऑक्सीजन दी गई। डॉक्टरों की विशेष टीम ने उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखी।

जानकारी के अनुसार, जगदीप धनखड़ अपनी पत्नी के साथ राजसमंद जिला दौरे के दौरान नाथद्वारा स्थित श्रीनाथजी मंदिर में सुबह 5:30 बजे पहुंचे, जहां उन्होंने 5:45 बजे मंगला झांकी के दर्शन किए। इसके बाद सुबह करीब 7 बजे मंदिर परंपरा के अनुसार मंदिर के तिलकायत सचिव लीलाधर पुरोहित और मंदिर के सहायक अधिकारी अनिल सनाढ्य ने उन्हें उपरना ओढ़ाकर और प्रसाद भेंट कर स्वागत किया।

इस दौरान अचानक उन्हें घबराहट होने लगी, जिसके बाद उन्हें कुर्सी पर बैठाया गया। उनकी तबीयत बिगड़ने की सूचना पर तत्काल पहले मंदिर में उन्हें ऑक्सीजन दी गई। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस की सहायता से श्री गोवर्धन राजकीय जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

डॉक्टरों की टीम ने उनकी जांच और उपचार किया। आवश्यक चिकित्सा सहायता और ऑक्सीजन देने के बाद जब उन्होंने स्वस्थ महसूस किया तो उदयपुर के लिए रवाना हो गए। इसके बाद वे सीधे उदयपुर एयरपोर्ट पहुंचे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News