रसोई की स्मृतियों से भविष्य की थाली तक, शरद रंग में भारतीय स्वाद-संस्कृति पर मंथन

बंजारा मंच पर विशेषज्ञों ने कहा—भोजन केवल व्यंजन नहीं, हमारी सभ्यता की जीवित पहचान है

 | 
WZCC

 

Udaipur Times News, WZCC Udaipur , उदयपुर, 13 नवम्बर 2026 । शिल्पग्राम के बंजारा मंच पर शुक्रवार सुबह ‘शरद रंग’ समारोह के दूसरे दिन का शुभारंभ स्वाद, स्मृति और संस्कृति के गंभीर संवाद से हुआ।

पहले सत्र में भारतीय खानपान की बहुरंगी विरासत पर चर्चा करते हुए वक्ताओं ने रेखांकित किया कि रसोई केवल पेट भरने का स्थान नहीं, बल्कि इतिहास, भूगोल, लोकज्ञान और पारिवारिक संस्कारों का जीवंत अभिलेख है।

परिचर्चा में शेफ डॉ. राजीव गोयल, डॉ. संगीता धर, अक्षराज जोधा, निशांत चौबे, राहुल वाली, कासी विश्वनाथन और डॉ. श्रीकृष्ण जुगनू ने विभिन्न क्षेत्रों के भोजन, उनकी कहानियों और बदलते सामाजिक संदर्भों पर विचार रखे। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि तेज रफ्तार जीवनशैली, छोटे होते परिवार और पीढ़ियों के बीच घटते संवाद के कारण अनेक पारंपरिक रेसिपीज़ धीरे-धीरे स्मृतियों से ओझल हो रही हैं। WZCC Udaipur 

उन्होंने चिंता जताई कि दादी-नानी की रसोई में सुरक्षित पाक-विधियां, मौसमी खाद्य ज्ञान और घरेलू संरक्षण की तकनीकें लिखित अथवा डिजिटल रूप में दर्ज न होने से नई पीढ़ी तक नहीं पहुंच पा रहीं।

अचार की उत्पत्ति और खाद्य संरक्षण की परंपराओं का उल्लेख करते हुए बताया गया कि भारतीय रसोई ने स्वाद के साथ उपयोगिता, मौसम और स्वास्थ्य का अद्भुत संतुलन साधा है।

चर्चा में तमिल संगम साहित्य सहित प्राचीन खाद्य ग्रंथों के उदाहरणों के माध्यम से भारतीय भोजन की ऐतिहासिक गहराई सामने आई। कश्मीरी पंडित भोजन जैसी क्षेत्रीय पाक परंपराओं को बनी-बनाई रूढ़ धारणाओं से परे समझने की जरूरत भी बताई गई। Udaipur News

मेवाड़ की खाद्य संस्कृति पर इतिहास, जलवायु, भौगोलिक परिस्थितियों और स्थानीय जीवन-पद्धति के प्रभावों को विस्तार से रेखांकित किया गया। झारखंड के जनजातीय भोजन को प्रकृति के साथ सहजीवी ज्ञान की अनमोल धरोहर बताते हुए उसकी विविधता और संरक्षण पर बल दिया गया।

औपनिवेशिक दौर में भारतीय व्यंजनों के नामों और पहचान में आए बदलावों पर भी विमर्श हुआ।

आयुर्वेद, स्वास्थ्य और संतुलित भारतीय आहार के रिश्ते को रेखांकित करते हुए युवाओं के लिए शेफ के रूप में उभरते करियर अवसरों, चुनौतियों और संभावनाओं पर उपयोगी मार्गदर्शन दिया गया।

सत्र का सार यही रहा कि भारतीय भोजन स्वाद की क्षणिक अनुभूति भर नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक अस्मिता का सशक्त दस्तावेज है। इसकी विविधता को समझना, व्यंजनों को सहेजना और पाक-ज्ञान को अगली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।

बता दें, इसकी अगली कड़ी में शनिवार 14 नवम्बर सुबह 10 बजे एक बार फिर पाक कला विशेषज्ञ आमजन संग स्वाद और सेहत पर संवाद सत्र में रूबरू होंगे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News