गौरव वल्लभ का राहुल गांधी पर तीखा हमला
गौरव वल्लभ ने राहुल गांधी की भाषा और आर्थिक समझ पर साधा निशाना
उदयपुर 4 फरवरी 2026 - भाजपा आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य गौरव वल्लभ ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है।उदयपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान वल्लभ ने राहुल गांधी की समझ और भाषा शैली पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी को अर्थशास्त्र समझ में नहीं आता तो उन्हें रोज शाम 4:30 बजे उनसे इकोनॉमिक्स की ट्यूशन लेनी चाहिए। साथ ही योग करने की भी सलाह दी। वल्लभ ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी सुबह जल्दी नहीं उठते, इसलिए शाम 4:30 से 5:30 बजे तक योग कर अपने मानसिक संतुलन को ठीक रखें और सड़कछाप भाषा का इस्तेमाल न करें।
गौरव वल्लभ ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त होता है और जनता द्वारा दिए गए जीएसटी से ही उनकी सुविधाएं, गाड़ियां और बंगले चलते हैं। उन्होंने कहा कि बाजार में खरीदे गए 5 रुपये के टूथपेस्ट पर दिया गया जीएसटी भी उनके ऐश्वर्य को सुनिश्चित करता है। इसके बावजूद वे गैर जिम्मेदाराना बयान देते हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। वल्लभ ने कहा कि उन्हें इस बात का दुख होता है कि देश के विपक्ष के नेता की गंभीरता का स्तर ऐसा है।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि राहुल गांधी चलते-फिरते किसी को भी गद्दार कह देते हैं। वल्लभ ने कहा कि देश-दुनिया जानती है कि गद्दार कौन हैं और किन लोगों ने देश और सिख समुदाय के साथ गद्दारी की। उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि इतना घटिया, बेहूदा और अर्थहीन बयान संसद में खड़े होकर कोई सांसद नहीं दे सकता। ऐसी भाषा और ऐसे वक्तव्य स्वीकार्य नहीं हैं। गौरव वल्लभ ने यह भी कहा कि राहुल गांधी के पास अपने आरोपों से जुड़े कोई दस्तावेज या प्रिंटेड सामग्री नहीं होती। उन्होंने कहा कि जिनका वे हवाला देते हैं, उनके बयान उनके पास उपलब्ध नहीं होते।
वल्लभ के अनुसार जनरल नरवणे कई इंटरव्यू में अपनी स्थिति स्पष्ट कर चुके हैं, इसके बावजूद राहुल गांधी बजट सत्र में बजट पर बोलने के बजाय देश विरोधी बातें करते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ऐसी किताब को कोट करते हैं जो अभी प्रकाशित भी नहीं हुई है। जब उन्हें रोका जाता है तो वे नाराज हो जाते हैं और मंत्रियों को गद्दार कहने लगते हैं। वल्लभ ने कहा कि हमारी सभ्यता में इस तरह की भाषा का इस्तेमाल दोस्तों के साथ भी नहीं किया जाता।
पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा पर तंज कसते हुए गौरव वल्लभ ने कहा कि उन्हें उन्हीं विषयों पर बोलना चाहिए जिनका उन्हें ज्ञान हो, जैसे नृत्य करना, गमछा हिलाना या गाड़ियों के बोनट पर चढ़ना। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था, प्रशासन और देश को आगे ले जाने जैसे विषयों पर डोटासरा को बोलने से बचना चाहिए। वल्लभ ने चेतावनी दी कि अगर वे ज्यादा बोलेंगे तो उनके परिवार से जुड़े आरएएस चयन और उसमें हुई मदद से जुड़े तथ्यों को सामने लाना पड़ेगा।