गोगुंदा विधायक ने किया धर्म परिवर्तन का भंडाफोड़
अवैध क्लीनिक से मरीजों को रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा गया, पुलिस ने केस दर्ज किया
उदयपुर 16 सितंबर 2025 । ज़िले के आदिवासी क्षेत्र गोगुन्दा में चल रहे धर्म परिवर्तन के गोरखधंधे का गोगुंदा विधायक प्रताप लाल गमेती ने भंडाफोड़ किया। मामला गोगुंदा के मालवा का चौरा के मोजरा गांव का है, जहां फ्री इलाज के नाम पर आदिवासी गरीब लोगों को गुमराह कर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था।
विधायक गमेती मालवा चौरा क्षेत्र के दौरे पर थे, इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि मोजरा गांव में चर्च के पास बने एक घर में अवैध तरीके से मरीजों को भर्ती कर रखा गया है। इस पर विधायक ने तुरंत बेकरिया थानाधिकारी उत्तम सिंह को सूचना दी। थानाधिकारी मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और बेकरिया अस्पताल से डॉक्टरों की टीम को भी बुलवाया।
पुलिस व प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में वहां भर्ती सभी मरीजों को अस्पताल पहुंचाया गया। अचानक हुई छापेमारी से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। अवैध तरीके से इलाज कर रहा युवक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में दवाइयां और अन्य सामग्री जब्त कर ली है।
विधायक गमेती ने कहा कि आदिवासी क्षेत्र में इस तरह से मिशनरी लोग गरीबों का शोषण कर उन्हें गुमराह कर धर्म परिवर्तन करा रहे हैं, जो किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है।
#UdaipurNews #Gogunda #BreakingNews #RajasthanNews #TribalNews #ReligionConversion #IllegalClinic #PratapLalGameti #UdaipurTimes
