10वीं पास युवाओं के लिए सुनहरा मौका: माय भारत वालंटियर बनें, हर महीने ₹5,000 मानदेय
जाने पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया
Udaipur Times, 27 जून 2026। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित माय भारत द्वारा राजस्थान के प्रत्येक ब्लॉक में दो-दो स्वयंसेवकों (माय भारत वालंटियर ) का चयन किया जा रहा है। चयनित स्वयंसेवकों को दो वर्षों तक 5 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा।
जिला युवा अधिकारी समीर खान ने बताया कि चयनित स्वयंसेवकों को स्वास्थ्य, साक्षरता, स्वच्छता, लैंगिक समानता सहित विभिन्न सामाजिक जागरूकता अभियानों का संचालन करने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा वे सरकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग करेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासन की सहायता भी करेंगे।
पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया
आवेदनकर्ता का कम से कम 10वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। अभ्यर्थी की आयु 1 अप्रैल 2025 के अनुसार 18 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए। नियमित छात्र आवेदन के पात्र नहीं होंगे। इच्छुक युवा माय भारत पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून है। जिला युवा अधिकारी समीर ने उदयपुर जिले के सभी पात्र युवाओं से समय रहते आवेदन कर राष्ट्र निर्माण की इस अहम पहल से जुड़ने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का आह्वान किया है।
