Bhilwara: रायला के सरकारी स्कूल का कमरा गिरा, बड़ा हादसा टला
पानी भरे रहने से नींव कमजोर, पहले ही सील किया गया था कक्ष
भीलवाड़ा 26 अगस्त 2025। ज़िले के रायला कस्बे में जनता कॉलोनी स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय का एक कमरा मंगलवार सुबह अचानक भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार स्कूल के पीछे लंबे समय से पानी भरा रहने के कारण कमरे की नींव कमजोर हो गई थी। पूर्व में हुए निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने इस कक्ष को जर्जर अवस्था में पाकर सील कर दिया था और बच्चों का प्रवेश बंद कर दिया था। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे कक्ष तेज धमाके के साथ गिर गया। उस समय स्कूल में 73 बच्चे मौजूद थे, लेकिन वे सभी सुरक्षित रहे।
प्रधानाध्यापक एहसान अली ने बताया कि पानी भरने की स्थिति के बारे में उच्च अधिकारियों को पहले ही अवगत करा दिया गया था। इसी कारण निरीक्षण के दौरान कमरे को लॉक कर सील कर दिया गया था और यही वजह रही कि बड़ा हादसा टल गया।
जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) रमेश्वर लाल बाल्दी ने कहा, “यह घटना राजकीय प्राथमिक विद्यालय रायला में हुई है। इस विद्यालय को पहले ही जिला कलेक्टर द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान चिन्हित कर लिया गया था। स्कूल की स्थिति बेहद खराब पाई गई थी और उसी समय कमरे को सीज कर दिया गया था। बच्चों को उसमें जाने से रोक दिया गया था। आज जब यह कक्षा गिरी तब भी वह लॉक थी और बच्चे मैदान में पढ़ रहे थे। किसी को चोट नहीं आई है। हालांकि विद्यालय के प्रधानाध्यापक से रिपोर्ट मांगी गई है और पूरे मामले को वरिष्ठ अधिकारियों तक भेजा गया है।”
गौरतलब है कि 15 अगस्त को भी भीलवाड़ा में एक दर्दनाक हादसा हुआ था, जब स्कूल की दीवार गिरने से एक नाबालिग बच्ची की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे ऐसे हादसों ने सरकारी स्कूल भवनों की जर्जर स्थिति और बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
#Bhilwara #Rajasthan #SchoolSafety #Education
