सन्त पॉल स्कूल में बाल मेले का भव्य आयोजन
उदयपुर 15 नवम्बर 2025। स्थानीय सन्त पॉल स्कूल में बाल दिवस के अवसर पर स्कूल परिसर में भव्य मेले का आयोजन किया गया।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि देवेन्द्र सिंह राठौड़, वरिष्ठ लेखाकार, अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, उदयपुर, विशिष्टि अतिथि डॉ. राजेश करणपुरिया, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, गोगुन्दा एवं डॉ. आनन्द गुप्ता, निदेशक, अरावली ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स, साथ ही सन्त पॉल एल्युमनी एसोसिएशन के सदस्य सौरभ सिरोया एवं मनीष गोदावत उपस्थित रहे। स्कूल के प्राचार्य फा. ए. जॉन बॉस्को एवं स्कूल प्रबन्धक फा. स्टीफन रावत ने आगन्तुक अतिथियों का गुलदस्ता एवं शॉल भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।
मुख्य अतिथि ने अपने सम्बोधन में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए समय नियोजन एवं शारीरिक गतिविधियों पर जोर देने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि डॉ. राजेश करणपुरिया ने इस तरह की गतिविधियों के आयोजन के लिए स्कूल की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों से बच्चों के हुनर एवं कला को निखारने का एक मंच मिलता है।
डॉ. आनन्द गुप्ता ने इस तरह के आयोजन एवं हाल ही में किए गए अन्य आयोजनों को लेकर स्कूल प्रबन्धन एवं विशेषकर प्राचार्य फा. ए. जॉन बॉस्को की प्रशंसा की और कहा कि उन्होंने अपने नेतृत्व से स्कूल को मुख्य भूमिका में स्थान प्रदान किया है।
मेले के मुख्य संयोजक वरिष्ठ व्याख्याता नवनीत सिंह बग्गा ने बताया कि मेले में कुल 62 स्टॉल्स लगाई गई जिसका पूर्ण संचालन विद्यार्थियों द्वारा किया गया। स्टॉल्स में खाने-पीने के व्यंजनों के साथ-साथ मनोरंजन की भरपूर व्यवस्था की गई। मेले में छात्रों एवं उनके अभिभावकों ने जोर-शोर से भाग लिया।
स्कूल प्रबन्धक फा. स्टीफन रावत ने बताया कि मेले में सुरक्षा व्यवस्था की पुख्ता व्यवस्था की जिसमें अग्निशमन वाहन, सुरक्षा गार्ड एवं मेडिकल टीम पूरे समय तक उपस्थित रहे।
प्राचार्य फा. ए. जॉन बॉस्को ने बताया कि बाल मेले का मुख्य उददेश्य बच्चों में नेतृत्व क्षमता, लेन-देन कौशल, वित्त प्रबन्धन एवं टीम भावना का विकास करना था। मेले में लगभग 5000 लोगों का आना-जाना रहा। मेले का समापन सायं 4.30 बजे हुआ।
