उदयपुर मे निकली भव्य तिरंगा यात्रा

देशभक्ति का उमड़ा सैलाब

 | 
Tiranga Yatra Udaipur

उदयपुर में शुक्रवार को “ऑपरेशन सिंदूर” की सफलता और भारतीय सेना के सम्मान में भारतीय जनता पार्टी की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस आयोजन में सर्व समाज, विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक, धार्मिक संगठनों, उद्योगपतियों, स्कूली व कॉलेज छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। यात्रा की शुरुआत टाउन हॉल परिसर से हुई, जहां हजारों लोग एकत्र हुए।

वहां से यह यात्रा बापूबाजार, सूरजपोल, झीनीरेत, मुखर्जी चौक, सिंधीबाजार, मोचीवाडा, भड़भूजा घाटी, तीज का चौक, देहलीगेट होते हुए पुनः टाउन हॉल पहुंची, जहां यह एक विशाल सभा में परिवर्तित हो गई।

tiranga rally

तिरंगा यात्रा की खास बात यह रही कि भाजपा के कार्यकर्ता, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि यात्रा में पीछे चले, जबकि सबसे आगे महिला शक्ति, पूर्व सैनिक अधिकारी, समाज के गणमान्य नागरिक, व्यापारी, विद्यार्थी, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट और अन्य संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

Tiranga Yatra

पाकिस्तान की नापाक हरकतों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की मांग के स्वर भी इस यात्रा में सुनाई दिए। यात्रा में 101 फीट लंबा तिरंगा मुख्य आकर्षण रहा, जिसे सैकड़ों लोगों ने गर्व से हाथों में थामकर शहर के प्रमुख मार्गों से यात्रा निकाली।

इस तिरंगा यात्रा को पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यात्रा में उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, चितौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी, भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल, भाजपा प्रदेश मंत्री पिंकेश पोरवाल, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष पिंकी मंडावत, अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र चौहान, ओबीसी मोर्चा के जगदीश शर्मा, उद्योगपति हरीश राजानी, महिला मोर्चा अध्यक्ष डॉ. कविता जोशी, और अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे।

यात्रा के दौरान लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। सभी ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जयकारों के साथ यह संदेश दिया कि देश का तिरंगा हमेशा ऊंचा रहना चाहिए। यह आयोजन राष्ट्रभक्ति, एकता और भारतीय सेना के पराक्रम को समर्पित एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News