नगर निगम में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओ और आयुक्त के बीच बहस

आयुक्त के चैंबर के बाहर हुई नारेबाजी
 | 
UMC

उदयपुर 8 मई 2026।  उदयपुर नगर निगम परिसर में गुरुवार को शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए निगम का घेराव किया था, इस दौरान ज्ञापन सौंपते समय एक कार्यकर्ता के कुर्सी पर चढ़ने से आयुक्त अभिषेक खन्ना नाराज हो गए। उन्होंने नाराजगी जताई तो कांग्रेस पदाधिकारियों और आयुक्त के बीच बहस शुरू हो गई। गुस्से में आयुक्त ने कुछ समय के लिए ज्ञापन लेने से इनकार कर दिया और कुर्सी से पीछे हट गए।

करीब पांच मिनट तक चली बहस के बाद मामला शांत हुआ और अंततः आयुक्त खन्ना ने कांग्रेस पदाधिकारियों से ज्ञापन स्वीकार कर लिया। ज्ञापन देने से पहले कांग्रेस पदाधिकारी करीब एक घंटे तक आयुक्त के चैंबर के बाहर इंतजार करते रहे।

प्रदर्शन में कांग्रेस के निवर्तमान और पूर्व पार्षद भी शामिल हुए। सुबह करीब 11 बजे शुरू हुआ धरना दोपहर 3 बजे तक जारी रहा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने विकास कार्यों के नाम पर घोटालों के आरोप लगाए और भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हार के डर से निकाय चुनाव जानबूझकर टाले जा रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर गड्ढों और गंदगी का केंद्र बन चुका है।

दोपहर तक नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना निगम कार्यालय नहीं पहुंचे, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आयुक्त के चैंबर के बाहर नारेबाजी शुरू कर दी। करीब 4 बजे आयुक्त खन्ना के चैंबर में पहुंचने पर एक दर्जन से अधिक कांग्रेस पदाधिकारी ज्ञापन देने अंदर पहुंचे। सूरजपोल थाना पुलिस ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ राज्य कार्य में बाधा का मामला भी दर्ज किया है। 

जानकारी के अनुसार पुलिस ने कांग्रेस के जिलाध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ , पंकज शर्मा , नज्म मेवाफरोश , अरुण टैंक और पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिआ के खिलाफ मामला दर्ज किया है।  

#Udaipur #CongressProtest #UdaipurNews #MunicipalCorporation #AbhishekKhanna #RajasthanNews #LocalBodyElections #CongressVsBJP #CivicIssues #UdaipurUpdates

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News