उदयपुर-राजसमंद में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति

 | 
heavy rain in udaipur rajsamand

उदयपुर 6 सितंबर 2025। संभाग के उदयपुर  और राजसमंद ज़िलों में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। उदयपुर जिले में सुबह से ही तेज बारिश हो रही है, जिससे शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। कैचमेंट एरिया में लगातार पानी की आवक बढ़ रही है, जिससे उदयसागर बांध के गेट अब पांच- पांच फीट तक खोल दिए गए हैं। उदयपुर कलेक्टर ने निजी व सरकारी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में विद्यार्थियों के लिए आज अवकाश घोषित कर दिया है।

उदयपुर के ओगणा-झाड़ोल मार्ग पर बदराना और मोहम्मद फलासिया मार्ग नदी के उफान के कारण बंद हो गए हैं। मादडा बांध का ओवरफ्लो हो चुका है और पड़ावली क्षेत्र में वाकल नदी पर पुल के ऊपर से पानी बह रहा है, जिससे गोगुंदा-ओगणा मार्ग भी बंद हो गया है। छोटे वाहन व परिवहन सेवाएं पूरी तरह प्रभावित हो चुकी हैं। प्रशासन मौके पर मौजूद है और राहत कार्य के साथ-साथ मार्ग खोलने का प्रयास जारी है।

राजसमंद जिले में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। खासकर चारभुजा-कुंभलगढ़ हाईवे पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। कुंभलगढ़ रिछेड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 162-E का एक बड़ा हिस्सा टूट गया है। यह हाईवे चारभुजा से केलवाड़ा को जोड़ता है और हाल ही में नया बनकर तैयार हुआ था। तेज बारिश की वजह से लगातार हाईवे को नुकसान पहुंच रहा है। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है और वाहनों को हटाकर राहत कार्य में जुटी है।

इसके अतिरिक्त, कुंभलगढ़ क्षेत्र के डेलवाड़ा इलाके में भारी बारिश के कारण एक मकान भी गिर गया। यह हादसा काफी नुकसानदेह रहा, लेकिन प्रशासन ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर प्रभावित परिवार को सहायता मुहैया कराई है।

प्रशासन ने सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थान पर रहें। जलस्तर पर नजर रखी जा रही है और हर संभव प्रयास किया जा रहा है ताकि जनजीवन जल्द से जल्द सामान्य हो सके।

#UdaipurRain #RajsamandRain #UdaysagarDam #RajasthanWeather #HeavyRainUpdate #RajasthanFlood #UdaipurNews #RajsamandUpdate#UdaipurTimes