सरहद पर सेवा देकर लौटे अग्निशमन दल का निगम आयुक्त ने किया सम्मान


सरहद पर सेवा देकर लौटे अग्निशमन दल का निगम आयुक्त ने किया सम्मान

विषम परिस्थितियों में दिया सेवा का परिचय

 
nagar nigam

उदयपुर 27 मई 2025। भारत-पाकिस्तान के बीच उत्पन्न तनाव की स्थिति में राजस्थान सरकार के निर्देश पर उदयपुर नगर निगम की अग्निशमन टीम ने सरहदी इलाकों में जाकर राष्ट्र सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। ऑपरेशन सिंदूर के तहत निगम के 9 अग्निशमन वाहनों के साथ 18 प्रशिक्षित अग्निशमन कर्मियों की टीम को बाड़मेर जिले की सीमा पर आपातकालीन सेवाओं के लिए भेजा गया था। वहां विषम परिस्थितियों में डटकर काम करने के पश्चात् जब यह टीम मंगलवार को उदयपुर लौटी, तो नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश द्वारा उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।

रात्रि को मिला आदेश, तुरंत हुई कार्रवाई

जिला मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि 8 मई को पाकिस्तान सीमा से लगते इलाकों में आपातकालीन सेवाओं की आवश्यकता को देखते हुए राजस्थान सरकार द्वारा नगर निगम उदयपुर को निर्देश प्राप्त हुए। आदेश मिलते ही नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश के मार्गदर्शन में त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 दमकल वाहन और 18 अग्निशमन कर्मचारियों की एक विशेष टीम को बाड़मेर जिले की सीमा पर रवाना कर अपनी सेवा देने हेतु निर्देश दिए गए।

विषम परिस्थितियों में दिया सेवा का परिचय

निगम आयुक्त राम प्रकाश ने बताया कि निगम की टीम ने सरहद पर पहुंचते ही बिना किसी विलंब के अपनी सेवाएं देना आरंभ कर दिया। उच्च तापमान, धूल भरे तूफान, सीमित संसाधनों एवं लगातार बदलते हालातों के बावजूद टीम ने पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं साहस के साथ अपनी सेवा दी। इन कर्मियों ने न केवल संभावित अग्नि दुर्घटनाओं से निपटने की तैयारियां कीं, बल्कि स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर सीमा पर सुरक्षात्मक उपायों में भी भागीदारी निभाई।

सकुशल वापसी पर निगम में हुआ भव्य स्वागत

सरकार द्वारा तनाव में कमी की आधिकारिक घोषणा के बाद नगर निगम की अग्निशमन टीम को पुनः उदयपुर भेजा गया। मंगलवार को उदयपुर लौटने पर नगर निगम परिसर में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहां आयुक्त राम प्रकाश ने समस्त अग्निशमन कर्मियों का पारंपरिक तरीके से उपरना पहनाकर, माला पहनाकर कर स्वागत किया। उन्होंने सभी कार्मिकों को राष्ट्र सेवा में बहादुरी और साहस दिखाने हेतु धन्यवाद दिया।

आयुक्त ने दिया संदेश

इस अवसर पर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने कहा कि राष्ट्र सेवा सबसे अहम है। हमारे अग्निशमन कर्मियों ने यह सिद्ध कर दिया कि जब देश को जरूरत हो, तो वे हर परिस्थिति में तत्पर हैं। सीमांत क्षेत्रों में डटकर कार्य करना न केवल साहस का परिचायक है, बल्कि यह भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा भी है। उन्होंने कर्मचारियों को भविष्य में भी ऐसी किसी भी परिस्थिति में तैयार रहने की प्रेरणा दी और टीम भावना, अनुशासन व कर्मठता की सराहना की।

सभी अधिकारियों ने की प्रशंसा

इस अवसर पर जिला मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी एवं सहायक अग्निशमन अधिकारी नवदीप सिंह बग्गा ने भी टीम के सदस्यों को माला पहनाकर सम्मानित किया। दोनों अधिकारियों ने कहा कि उदयपुर की यह टीम राजस्थान में कार्यरत अग्निशमन सेवाओं के लिए एक आदर्श उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने बताया कि टीम ने सीमांत जिलों में किसी भी आकस्मिक स्थिति के लिए 24 घंटे सतर्क रहकर कार्य किया।

शपथ ली राष्ट्र सेवा के लिए तत्पर रहने की

समारोह के दौरान अग्निशमन शाखा की समस्त टीम ने राष्ट्र सेवा के लिए हमेशा तैयार रहने का संकल्प लिया। उन्होंने एक स्वर में यह शपथ ली कि भविष्य में जब भी राष्ट्र को आवश्यकता होगी, वे निष्ठा, ईमानदारी और बहादुरी के साथ अपनी सेवाएं देंगे।
 

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal