राजसमंद के देलवाड़ा में भीषण सड़क हादसा

बारातियों से भरी बस में ट्रक घुसा

 | 
rajsamand accident

राजसमंद 16 अप्रैल 2025 | ज़िले के देलवाड़ा क्षेत्र से एक बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आई है। देलवाड़ा के पास मजेरा गांव में भीषण सड़क हादसा हो गया, जब बारातियों से भरी एक निजी ट्रैवल्स बस में सामने से आ रहे तेज़ रफ्तार ट्रक ने ज़ोरदार टक्कर मार दी।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बस और ट्रक के ड्राइवर दोनों वाहन के अंदर फंस गए हैं, जिन्हें निकालने की कोशिश जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब बारातियों को लेकर जा रही बस मजेरा के पास से गुजर रही थी। तभी अचानक सामने से आ रहे ट्रक ने नियंत्रण खो दिया और सीधा बस में घुस गया।

टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि बस के आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे में करीब 10 से 15 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। देलवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है और राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है।

घायलों को तुरंत अनंता हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, बस और ट्रक के ड्राइवर को बाहर निकालने के लिए गैस कटर और भारी उपकरणों की मदद ली जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News