अतिक्रमण हटने पर जड़ाव नर्सरी–सेवाश्रम रोड से जुड़ सकेगी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी

बीजेपी ने कार्य में आ रही बाधाओं को दूर करने की मांग की
 
 | 
Jadav Nursery sevashram road

उदयपुर 10 मार्च 2026। भारतीय जनता पार्टी शहर जिला महामंत्री देवीलाल सालवी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उदयपुर विकास प्राधिकरण (UDA) आयुक्त राहुल जैन तथा नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना से भेंट कर लंबे समय से लंबित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी को जड़ाव नर्सरी–सेवाश्रम रोड से जोड़ने के कार्य में आ रही बाधाओं को दूर करने की मांग की। 

प्रतिनिधिमंडल ने इस मार्ग को मास्टर प्लान के अनुरूप शीघ्र शुरू करने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रतिनिधिमंडल ने अवगत कराया गया कि पूर्व में भी इस संबंध में UDA आयुक्त को ज्ञापन दे रखा है।  

आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि UDA जनहित के कार्यों को पूर्ण करने के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन इस मार्गाधिकार क्षेत्र में नगर निगम उदयपुर द्वारा जारी किए गए पट्टे को निरस्त करने के आदेश राजस्थान उच्च न्यायालय द्वारा दिए जा चुके हैं, जिन्हें सर्वोच्च न्यायालय ने भी यथावत रखा है। न्यायालय के आदेशानुसार उक्त पट्टा निरस्त किया जा चुका है, किंतु नियमानुसार पट्टाधारी का पक्ष सुनने के बाद तय सीमा से अधिक क्षेत्र में निर्मित अवैध निर्माण को हटाने की कार्यवाही अभी लंबित है।

मीडिया प्रभारी डॉ सीमा चंपावत ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि नगर निगम द्वारा समय पर अतिक्रमण नहीं हटाए जाने के कारण इस सड़क का कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है, जिससे क्षेत्र के हजारों लोग प्रभावित हो रहे हैं। यह सड़क जड़ाव नर्सरी से सविना–बलीचा मार्ग तक सीधे जुड़ सकती है, जिससे लगभग 50 हजार से अधिक लोगों को लाभ मिलेगा।

पूर्व पार्षद एवं निर्माण समिति अध्यक्ष आशीष कोठारी ने बताया कि राजस्थान आवासन मंडल ने पूर्व में क्षेत्र के किसानों से जमीन अधिग्रहित करते समय 100 फीट रोड से जोड़ने का आश्वासन दिया था। अधिग्रहित भूमि के बदले 15 प्रतिशत भूखंड भी इसी 100 फीट रोड से जुड़े होने के आधार पर दिए गए थे, किंतु आज तक ये भूखंड मुख्य सड़क से नहीं जुड़ पाए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क का सीधा संपर्क नहीं होने से क्षेत्रवासियों को गलत दिशा से होकर जड़ाव नर्सरी की ओर आना पड़ता है, जिससे प्रतिदिन दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है।

UDA आयुक्त राहुल जैन ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि जड़ाव नर्सरी रोड को मुख्य सड़क से जोड़ने तथा अंडरब्रिज निर्माण के लिए आवश्यक संपूर्ण राशि रेलवे को देने के लिए UDA तैयार है। इसके लिए केवल निरस्त पट्टे के अनुसार नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आवश्यक है।

वहीं नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि इस संबंध में स्थानीय स्वायत्त शासन विभाग, निकाय निदेशालय जयपुर से प्राप्त निर्देशों की पालना कर शीघ्र ही इसका निस्तारण किया जायेगा।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में पूर्व पार्षद एवं निर्माण समिति अध्यक्ष आशीष कोठारी, भरत जोशी, मेनारिया समाज के प्रतिनिधि तुलसीराम मेनारिया तथा बंशीलाल मेनारिया उपस्थित रहे।

#Udaipur #UdaipurNews #RajasthanNews #UDA #UdaipurDevelopment #HousingBoardColony #SavinaBalichaRoad #UdaipurInfrastructure #EncroachmentRemoval #LocalNewsUdaipur #RajasthanDevelopment #CityNews

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News