LPG संकट का असर होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर

रेस्टोरेंट में गैस की कमी के चलते सुबह का लंच और ब्रेकफास्ट बंद तक करना पड़ रहा है
 
 | 

उदयपुर 12 मार्च 2026। गैस सिलेंडर की कमी का असर अब होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर भी दिखाई देने लगा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़े तनाव के बाद गैस सप्लाई प्रभावित होने की चर्चा के बीच शहर में सिलेंडरों को लेकर मारामारी जैसी स्थिति बनती दिख रही है।

शहर के कई होटल और रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि गैस सिलेंडर की कमी के कारण उन्हें अपने कामकाज में बदलाव करना पड़ रहा है। ओल्ड सिटी इलाके में पिछोला झील किनारे स्थित रेस्टोरेंट्स पर इसका सीधा असर पड़ा है। हनुमान घाट स्थित हनुमान होटल एंड रेस्टोरेंट में गैस की कमी के चलते सुबह का लंच और ब्रेकफास्ट बंद करना पड़ा है।

रेस्टोरेंट के संचालक मनदीप सिंह ने बताया कि सिलेंडर की कमी का बड़ा असर कारोबार पर पड़ा है। रूफ टॉप रेस्टोरेंट लंच टाइम तक खाली पड़ा रहता है। पर्यटक तो आ रहे हैं, लेकिन उन्हें स्थिति समझाकर लौटाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि एक दिन पहले गैस की कमी को देखते हुए फैसला लिया गया और अब लंच व ब्रेकफास्ट सेवा बंद कर दी गई है। शाम का समय भी कम कर दिया गया है और मेन्यू में भी कटौती की गई है। फिलहाल रेस्टोरेंट में चाय, मैगी जैसी सीमित चीजें ही उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इधर, अवैध रूप से कमर्शियल गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। उदयपुर कलेक्टर नमित मेहता के निर्देश पर रसद विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए सविना स्थित वीआईपी कॉलोनी में अचानक जांच की।

जांच के दौरान व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग करते हुए 6 सिलेंडर जब्त किए गए। जिला रसद अधिकारी ने बताया कि इस मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

#Udaipur #UdaipurNews #RajasthanNews #LakePichola #UdaipurRestaurants #GasCylinderShortage #LPGCrisis #UdaipurTourism #OldCityUdaipur #Savina #RajasthanUpdates #LocalNewsUdaipur