निगम प्रभारी अधिकारियों ने सभी अन्नपूर्णा रसोईघरो का किया निरीक्षण

निगम आयुक्त के निर्देश पर 26 रसोई घर का किया निरीक्षण

 | 
UMC

उदयपुर। नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश के निर्देश पर शुक्रवार रात्रि को निगम की सभी शाखाओं के प्रभारी अधिकारियों द्वारा नगर निगम क्षेत्र में संचालित हो रहे 26 अन्नपूर्णा रसोईघर का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। 

नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने बताया कि राज्य सरकार की महत्ती योजना अन्नपूर्णा रसोई घर का शुक्रवार को सभी प्रभारी अधिकारियों के माध्यम से ओचक निरिक्षण करवा कर वहां की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। सभी अधिकारियों को एक पपत्र दिया गया जिसमें उन्हें अन्नपूर्णा रसोई घर में उपलब्ध सभी प्रकार की जानकारी सम्मिलित करनी थी। 

अधिकारियों ने भी खाया खाना

शुक्रवार को नगर निगम प्रभारी अधिकारियों द्वारा निगम क्षेत्र में संचालित हो रहे 26 अन्नपूर्णा रसोईघर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी अधिकारियों ने अन्नपूर्णा रसोई घर में ही अपना रात्रि भोजन किया जिससे वहां बनने वाले भोजन की गुणवत्ता का सही तरीके से आंकलन कर सके।

खाने की गुणवत्ता मिली स्तरीय, सफाई को लेकर दिए निर्देश

आयुक्त राम प्रकाश ने बताया कि अन्नपूर्णा रसोई घर में अधिकारियों द्वारा किए निरीक्षण के दौरान सभी स्थानों पर खाने की गुणवत्ता स्तरीय पाई गई लेकिन कहीं-कहीं रसोईघर के आसपास सफाई व्यवस्था संतोषप्रद नहीं थी। सफाई व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश जारी किए हैं। शहर में संचालित सभी अन्नपूर्णा रसोईघर संचालको को सफाई को लेकर विशेष ध्यान रखना होगा, उन्हें यह निर्देश पहले भी दिए गए है यदि अब आगे लापरवाही मिलती है तो कार्यवाही अमल में लाई जायेगी। 

6000 लोग प्रतिदिन होते है योजना से लाभान्वित

निगम आयुक्त राम प्रकाश ने बताया कि शहर में प्रति दिन लगभग 6000 से ज्यादा व्यक्ति अन्नपूर्णा रसोई घर से लाभ प्राप्त कर रहे हैं। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी इस योजना में किसी प्रकार की कोई कसर नहीं रहे इसको लेकर सख्त निर्देश दिए हैं। प्रतिदिन रसोई घर में आने वाले लाभार्थी को 8 रूपये में भरपेट भोजन कराया जाता है। थाली में लाभार्थी को 300 ग्राम चपाती, 100 ग्राम दाल, 100 ग्राम सब्जी एवं 100 ग्राम चावल के साथ आचार भी दिया जाता है।

इन अधिकारियों ने किया निरीक्षण

शुक्रवार को नगर निगम अधीक्षण अभियंता मुकेश पुजारी, उपनगर नियोजक सिराजुद्दीन, अधिशासी अभियंता शशि बाला सिंह, रितेश पाटीदार अखिल गोयल, जिला परियोजना अधिकारी सेल सिंह सोलंकी, राजस्व अधिकारी नीतीश भटनागर द्वारा अन्नपूर्णा रसोईघर का औचक निरीक्षण किया गया।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News