राजसमंद मे रोजगार और प्रदूषण के खिलाफ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का दूसरा दिन
Udaipur Times, Rajsamand News: राजसमन्द जिले के रेलमगरा क्षेत्र के स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और बढ़ते प्रदूषण पर रोक लगाने की मांग को लेकर शुरू की गई अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का आज दूसरा दिन है। आंदोलनकारियों ने क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर पूर्व में एसडीएम एवं जिला कलेक्टर को कई बार ज्ञापन और शिकायतें देने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज किया है।
आंदोलनकारियों ने टेलिंग डेम से फैल रहे अपशिष्ट (वेस्ट) के कारण खेतों, जलस्रोतों और हवा के प्रदूषित होने का मुद्दा उठाया। साथ ही बड़ी सादड़ी से लाए जा रहे अपशिष्ट पदार्थ को दरीबा लाने पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई।
आंदोलन के दौरान जल, मिट्टी और हवा की जांच, प्रदूषण प्रभावित क्षेत्रों एवं जलस्रोतों की जांच तथा प्रदूषण से आमजन के स्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रभाव की जांच कराने की मांग प्रमुखता से रखी गई। आंदोलनकारियों का कहना है कि बढ़ते प्रदूषण से कृषि और लोगों की आजीविका पर भी संकट खड़ा हो रहा है।
इसके साथ ही क्षेत्र के स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग भी उठाई गई। आंदोलनकारियों ने कहा कि क्षेत्र में युवाओं को पर्याप्त रोजगार के अवसर मिलने चाहिए और स्थानीय लोगों के हितों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।
भूख हड़ताल पर बैठे सुरेश पुरबिया, रघुनाथ रावत और किशन जाट ने कहा कि कई बार ज्ञापन और शिकायतों के माध्यम से समस्याओं को जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाया गया, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि जब तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी।
आंदोलनकारियों ने युवा, किसान एवं आमजन से एसडीएम कार्यालय रेलमगरा पहुंचकर आंदोलन को समर्थन देने की अपील की। वहीं आंदोलन के दूसरे दिन स्वच्छता का संदेश देते हुए लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान भी किया गया।
आंदोलनकारियों ने कहा— “अभी नहीं तो कभी नहीं, यह लड़ाई हमारे रोजगार, स्वास्थ्य, जमीन और भविष्य की है।”