902 करोड़ की लागत से राजस्थान के इन दो शहरों मे डेवलप होंगे इंडस्ट्रियल पार्क
Udaipur Times, Industrial Park Development, Rajasthan News: भारत औद्योगिक विकास योजना (भव्य) के तहत गठित राज्य स्तरीय समिति की बैठक में बूंदी एवं बालोतरा में प्रस्तावित औद्योगिक पार्कों की आर्थिक व्यवहार्यता का समुचित आकलन करने तथा इनके विकास संबंधी प्रस्ताव 30 नवंबर तक केंद्र सरकार को भेजे जाएंगे।
बैठक में RIICO ने दो नए औद्योगिक पार्क विकसित करने के प्रस्ताव प्रस्तुत किए। बूंदी जिले में लाखेरी के समीप खरायता में 370.05 एकड़ क्षेत्र में 468.49 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से औद्योगिक पार्क विकसित करने का प्रस्ताव है। वहीं, बालोतरा जिले में पचपदरा रिफाइनरी के समीप बोरावास-कलावा द्वितीय चरण में 311.28 एकड़ क्षेत्र में 434.15 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से औद्योगिक पार्क विकसित किया जाना प्रस्तावित है।
RIICO के प्रबंध निदेशक सुरेश कुमार ओला ने बताया कि प्रस्तावित औद्योगिक पार्कों में उद्यमियों को सड़क,बिजली, पानी और भंडारण सहित आवश्यक आधारभूत सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की योजना है। साथ ही, ‘प्लग एंड प्ले’ व्यवस्था के तहत उद्योग शुरू करने के लिए तैयार आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा श्रमिक आवास एवं हरित क्षेत्र विकसित करने का भी प्रस्ताव है। इससे उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने में आसानी होगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार के उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग (DPIIT) की भव्य योजना के तहत देशभर में 100 आधुनिक औद्योगिक पार्क विकसित करने का लक्ष्य है।योजना के अंतर्गत राज्य सरकार अथवा अधिकृत संस्था द्वारा विकसित किए जाने वाले औद्योगिक पार्कों के लिए प्रति एकड़ अधिकतम एक करोड़ रुपये तक की वित्तीय सहायता का प्रावधान है। चयनित औद्योगिक पार्कों को अंतिम स्वीकृति मिलने के पश्चात दो वर्ष की अवधि में विकसित किया जाना है।
बैठक में वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद कुमार, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता, उद्योग एवं वाणिज्य तथा राजस्व एवं उपनिवेशन विभागों के प्रमुख शासन सचिव टी. रविकांत, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के प्रमुख शासन सचिव हेमंत कुमार गेरा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।