टोल प्लाजा और तीन धर्मकांटों का निरीक्षण

एक धर्मकांटा सीज कर 7 हजार का जुर्माना लगाया

 | 
Udaipur Inspection of Weighing Scales

 

Udaipur Times News, उदयपुर, 21 अक्टूबर 2026 । विधिक माप विज्ञान, उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से जिले में 21 से 23 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे तीन दिवसीय जांच अभियान के तहत बुधवार को एक टोल प्लाजा एवं तीन धर्मकांटों का निरीक्षण किया गया।

विधिक माप विज्ञान अधिकारी राकेश माहेश्वरी ने बताया कि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा उपभोक्ता मामले मंत्री सुमित गोदारा के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस अभियान के तहत विभाग की टीम ने नारायणपुरा टोल प्लाजा, एनएच-48 तथा श्री सांवरिया सेठ धर्मकांटा, महालक्ष्मी धर्मकांटा और जमना धर्मकांटा का निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रतिष्ठानों के आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की गई।

माहेश्वरी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान एक धर्मकांटा सत्यापित नहीं पाया गया तथा संबंधित धर्मकांटे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 7 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही धर्मकांटे को सीज कर आगामी सात दिवस में सत्यापन करवाने के लिए पाबंद किया गया।

विधिक माप विज्ञान, उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए सही माप एवं तौल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार की जांच एवं निरीक्षण की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रखी जाएगी। Udaipur News
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News