राजस्थान मे No PUC, No Fuel नियम की शत-प्रतिशत पालना सुनिश्चित करने के निर्देश
Udaipur Times, No PUC, No Fuel : राजस्थान के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में वायु प्रदूषण की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए राज्य स्तरीय कार्ययोजना के साथ-साथ जिला स्तरीय कार्ययोजना भी तैयार की जाएगी। साथ ही तकनीक का अधिकाधिक उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
आयोग अध्यक्ष ने कहा कि NCR में प्रदूषण की समस्या गंभीर है। विशेष रूप से भिवाड़ी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में सुधार के लिए विशेष प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने औद्योगिक प्रदूषण, वाहनों से होने वाले उत्सर्जन, सड़क की धूल, निर्माण एवं विध्वंस कचरे, पराली एवं बायोमास जलाने तथा यातायात जाम से होने वाले प्रदूषण की रोकथाम के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
'नो पीयूसीसी, नो फ्यूल' की शत-प्रतिशत पालना सुनिश्चित हो
वर्मा ने NCR क्षेत्र के पेट्रोल पंपों एवं सीएनजी स्टेशनों पर ऑटोमेटिक नम्बर प्लेट रिकॉग्निशन (ANPR) कैमरों की स्थापना में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 'नो पीयूसीसी, नो फ्यूल' व्यवस्था के तहत प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUCC) नहीं रखने वाले वाहनों को ईंधन उपलब्ध नहीं कराया जाए। साथ ही इसके लिए प्रभावी मॉनिटरिंग व्यवस्था विकसित की जाए। प्रमुख सचिव, परिवहन विभाग ने बताया कि NCR क्षेत्र के 362 पेट्रोल पंपों पर एएनपीआर कैमरों की स्थापना का कार्य प्रगतिरत है। इस वर्ष PUCC नियमों के उल्लंघन पर कुल 76,151 चालान किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 438 वाहनों को स्क्रैप किया गया है तथा 1,526 वाहनों के स्थानांतरण के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी किए गए हैं।
उन्होंने NCR में ऑटोमेटेड चालान व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए चिह्नित स्थानों पर इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) कैमरों की स्थापना शीघ्र पूर्ण करने तथा ऑनलाइन डिलीवरी में प्रयुक्त होने वाले वाहनों को प्राथमिकता से इलेक्ट्रिक वाहनों में परिवर्तित करने पर जोर दिया।
'परिवर्तन' योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
आयोग अध्यक्ष ने 'परिवर्तन' योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि BS-VI से पूर्व के ट्रकों एवं बसों को BS-VI मानक वाले वाहनों अथवा सीएनजी एवं इलेक्ट्रिक वाहनों जैसे स्वच्छ ईंधन आधारित वाहनों से प्रतिस्थापित करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
साथ ही NCR क्षेत्र में पुराने एवं अधिक प्रदूषणकारी वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। BS-3 एवं इससे नीचे के मानकों वाले वाहनों की स्क्रैपिंग सुनिश्चित की जाए।
प्रमुख सचिव, परिवहन विभाग ने बताया कि अलवर एवं भरतपुर में कुल 5,732 डीजल ऑटोरिक्शा में से 4,232 के संचालन पर रोक लगाई जा चुकी है। तथा 'परिवर्तन' योजना के तहत पुराने वाहनों को बदलने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।
सड़क की धूल एवं निर्माण गतिविधियों से होने वाले प्रदूषण पर नियंत्रण
वर्मा ने कहा कि सड़क की धूल (रोड डस्ट) NCR क्षेत्र में वायु प्रदूषण का एक प्रमुख स्रोत है। इसके प्रभावी नियंत्रण के लिए मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग सहित अन्य उपाय प्राथमिकता से लागू किए जाएं। उन्होंने सड़कों से धूल हटाने के कार्य में और तेजी लाने पर जोर दिया।
साथ ही धूल प्रदूषण की निगरानी एवं नियंत्रण के लिए 500 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्रफल वाले निर्माण एवं विध्वंस स्थलों का अनिवार्य ऑनलाइन पंजीकरण, कैमरा एवं पर्टिकुलट मैटर के सेन्सर लगवाकर दूरस्थ निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।