सड़क हादसे में जैन साध्वी डॉ रुचिकाश्री का निधन, दो घायल

पुष्कर संप्रदाय में शोक की लहर दौड़

 | 
Jain Sadhvi ruchika shree died in accident

उदयपुर- 18 फरवरी 2023। श्रमण संघीय उपाध्याय पुष्कर मुनि के संप्रदाय की साध्वी डॉ रुचिकाश्री (62 वर्ष) का आज सुबह तमिलनाडु के मदुरै-कन्याकुमारी नेशनल हाईवे पर नागनेरी गाँव के पास सड़क दुर्घटना में मौके पर ही निधन हो गया। वाहन की चपेट में अन्य एक साध्वी व साथ में सेविका भी गंभीर रूप घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक साध्वीश्री का दल कन्याकुमारी की और पद विहार कर रहा था। साध्वी डॉ रुचिकाश्री के दुर्घटना में स्वर्गवास समाचार प्राप्त होते ही उदयपुर शहर के श्रावक-श्राविकाओं में शोक की लहर छा गई।

सुबह 6.30 बजे नागनेरी गाँव के पास तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने पीछे से व्हीलचेयर पर बैठी साध्वी को टक्कर मारी। व्हील चेयर पर चल रहीं साध्वी डॉ रुचिका से अज्ञात ट्रक वाहन टकराया, जिससे उनका मौके पर ही देवलोक गमन हो गया। साध्वी डॉ रुचिकाश्री का अंतिम संस्कार तिरूनेलवेली में रविवार (19 फरवरी) को किया जाएगा। मौके पर काफी संख्या में जैन समाज के महानुभाव भी वहां पहुँचे। यात्रा में साथ चल रहे साध्वी जिनाज्ञा श्री (30 वर्ष) भी गंभीर रूप से चोटग्रस्त हुईं, साथ ही व्हील चेयर सेविका भी घायल हुईं हैं। इन्हें ज्यादा चोट लगने के कारण तिरूनेलवेली के सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया है। देवलोकवासी साध्वी 42 वर्ष से संयम जीवन में थीं।

जीवन परिचय 

जम्मू में 8 अगस्त 1961 को खत्री परिवार माता राजरानी और पिता मणीराम के घर जन्मी शांताकुमारी ने 30 अप्रैल 1980 को उपाध्याय श्री पुष्कर मुनि से जैन दीक्षा ग्रहण कर साध्वी उपप्रवतिनि चारित्र प्रभा की शिष्या बनी। साध्वी रुचिका ने 1983 में जयपुर विश्वविद्यालय से संस्कृत में एम.ए व 1993 में मोहनलाल सुखाडिया विश्वविद्यालय से प्राकृत में पुनः एम.ए की परीक्षा उत्तीर्ण की। वर्ष 2005 में सुखाडिया विश्वविद्यालय से ही जैन सूत्र “जीवाभिगम” पर पी.एच.डी की उपाधि प्राप्त की। उदयपुर क्षेत्र में साध्वी श्री का विचरण अधिक रहा था।

साध्वी डॉ रुचिकाश्री के स्वर्गवास से समूचे जैन समाज में शोक की लहर छा गई। इस अवसर पर श्रमण संघीय आचार्य शिव मुनि, उपाध्याय रमेश मुनि, महाश्रमण काव्यतीर्थ जिनेंद्र मुनि, राजस्थान प्रवर्तक डॉ. राजेंद्र मुनि, श्रमण संघीय सलाहकार दिनेश मुनि, उपप्रवर्तक नरेश मुनि, उपप्रवर्तिनी साध्वी चंदनबाला, महासाध्वी प्रियदर्शना, साध्वी सत्यप्रभा, उपप्रवर्तिनी साध्वी डॉ. दिव्यप्रभा, साध्वी संयमप्रभा, साध्वी मंगलज्योति, साध्वी डॉ. दर्शनप्रभा, साध्वी डॉ. हर्षप्रभा, साध्वी डॉ. सुलक्षनप्रभा, साध्वी शुभजी, साध्वी डॉ. प्रतिभा, आभाश्री सहित अनेक साधु - साध्वियो साध्वी डॉ रुचिकाश्री को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News