Udaipur Times, JE Recruitment Online Exam: राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम द्वारा पांच विद्युत निगमों में कनिष्ठ अभियंता-प्रथम के कुल 869 पदों पर भर्ती हेतु ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षाएं 29 एवं 30 नवंबर 2026 को राजस्थान के 12 जिलों में आयोजित की जा रही हैं। पदों में इलेक्ट्रिकल के 727, मैकेनिकल के 110 और सिविल के 32 पद शामिल हैं।
कनिष्ठ अभियंता-प्रथम की ऑनलाईन भर्ती परीक्षा में सम्मिलित होने वाले सभी अभ्यर्थियों के कॉल लेटर विद्युत निगमों की वेबसाईट पर अपलोड कर दिये गये हैं जहां से वे अपने कॉल लेटर डाउनलोड कर सकते हैं। पूर्व में दिनांक 19 नवंबर को उनकी परीक्षा की तिथि व समय और परीक्षा केन्द्र के जिले की सूचना जारी की गयी थी। इस संबंध में अभ्यर्थियों को उनके मोबाईल नम्बर एवं ई-मेल द्वारा भी सूचित कर दिया गया है।
भर्ती की नोडल एजेंसी विद्युत उत्पादन निगम द्वारा यह भी बताया गया कि परीक्षा के दौरान अनुचित संसाधनों, नकल आदि की रोकथाम हेतु इस बार और भी अधिक कड़े कदम उठाते हुए अभ्यर्थियों का ‘आधार’ से सत्यापन भी किया जावेगा। सभी परीक्षा केन्द्रों पर प्रत्येक कमरें में सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं जो परीक्षा के दौरान पूरे समय वीडियो रिकॉर्डिंग करेंगे। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थियों की परीक्षा केन्द्र पर ली गई लाइव फोटो को अभ्यर्थी द्वारा आवेदन पत्र भरते समय अपलोड की गयी स्कैन फोटो व लाइव फोटो से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित तकनीक से वेरीफाई किया जायेगा।
परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए अभ्यर्थियों को कॉल लेटर के साथ एक नवीनतम फोटो, पहचान हेतु मूल फोटो पहचान पत्र एवं उसकी एक फोटोकॉपी लाना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र पर परीक्षा शुरू होने से 2 घंटें पूर्व उपस्थित होना होगा। परीक्षा समय से 30 मिनट पूर्व परीक्षा केन्द्र पर प्रवेश बंद कर दिया जायेगा। परीक्षा की समयावधि 2 घंटे की होगी जिसमें 140 बहुविकल्पीय प्रश्न होगें। गलत उत्तर देने पर निगेटिव मार्किंग का भी प्रावधान है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा की स्कीम, इनफार्मेशन हैंडआउट, मॉक टेस्ट लिंक इत्यादि परीक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी विद्युत निगमों की वेबसाईट पर अपलोड कर दी गई है।
परीक्षा के सुचारू संचालन हेतु विद्युत निगमों के अधिशाषी/ सहायक अभियन्ता एवं समकक्ष स्तर के अधिकारियों को निगमों के प्रतिनिधि के तौर पर एवं साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों को भी विशेष रूप से सभी परीक्षा केन्द्रों पर तैनात किया गया है। उक्त के अतिरिक्त परीक्षा केन्द्रों के औचक निरीक्षण हेतु उच्चाधिकारियों को सम्मिलित करते हुए ‘विशेष सतर्कता दलों’ का भी गठन किया गया है। इन परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए विद्युत भवन, जयपुर में कन्ट्रोल रूम एवं अभ्यर्थियों की सहायता के लिये हेल्पलाईन डेस्क (9414056655) भी स्थापित की गई है।