जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप ट्रॉफी का अनावरण समारोह सिटी पैलेस, उदयपुर में हुआ आयोजित
ओलंपियन अशोक कुमार ध्यानचंद एवं निवृत्ति कुमारी मेवाड़ ने किया वर्ल्ड कप ट्रॉफी का अनावरण
उदयपुर, 13 नवम्बर 2025: एफआईएच जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप 2025 की ट्रॉफी का भव्य अनावरण समारोह शुक्रवार को उदयपुर सिटी पैलेस परिसर में महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल प्रांगण में आयोजित किया गया। यह आयोजन हॉकी राजस्थान के निर्देशन में हॉकी उदयपुर द्वारा आयोजित हुआ।
एयरपोर्ट पर हुआ पारंपरिक स्वागत
हॉकी उदयपुर के सचिव तथा ट्रॉफी टूर के मुख्य संयोजक डॉ. कुलदीप सिंह झाला ने बताया कि हॉकी राजस्थान के अध्यक्ष श्री अरुण सारस्वत के निर्देशन में ट्रॉफी का स्वागत महाराणा प्रताप एयरपोर्ट, उदयपुर पर ढोल-नगाड़ों और राष्ट्रीय ध्वजों के साथ किया गया। स्वागत में हॉकी राजस्थान एवं हॉकी उदयपुर के पदाधिकारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
सिटी पैलेस परिसर में हुआ अनावरण समारोह
एयरपोर्ट स्वागत के बाद ट्रॉफी को सिटी पैलेस परिसर स्थित महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल लाया गया, जहां पारंपरिक मेवाड़ी संगीत और सिटी पैलेस बैंड की धुनों पर ट्रॉफी का स्वागत हुआ।
हॉकी उदयपुर के अध्यक्ष प्रो. दरियाव सिंह चूंडावत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि “यह क्षण उदयपुर के खेल प्रेमियों के लिए गर्व और उत्साह का है, क्योंकि इस ट्रॉफी से आने वाली पीढ़ियाँ प्रेरणा लेंगी।”
ट्रॉफी का औपचारिक अनावरण मेवाड़ राजपरिवार की सदस्या निवृत्ति कुमारी मेवाड़ एवं अर्जुन अवॉर्डी, ओलंपियन अशोक कुमार ध्यानचंद द्वारा किया गया।
निवृत्ति कुमारी जी मेवाड़ ने कहा, “यह मेरे लिए अत्यंत गर्व का अवसर है कि विश्व विजेता खिलाड़ी अशोक कुमार ध्यानचंद जी की उपस्थिति में मैं जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप ट्रॉफी का अनावरण कर रही हूँ। मैं भारतीय टीम के उज्जवल प्रदर्शन और ट्रॉफी के भारत में ही रहने की कामना करती हूँ।”
ओलंपियन अशोक कुमार ध्यानचंद ने कहा, “भारत पहले दो बार यह ट्रॉफी जीत चुका है, और एक बार फिर देश में यह टूर्नामेंट होना गर्व की बात है। मुझे विश्वास है कि हमारी युवा टीम शानदार प्रदर्शन कर भारत को तीसरी बार विश्व विजेता बनाएगी।”
हॉकी राजस्थान के अध्यक्ष श्री अरुण सारस्वत ने कहा कि “यह राजस्थान और उदयपुर दोनों के लिए गौरव का क्षण है कि ट्रॉफी टूर का एक पड़ाव यहां रखा गया।”
वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं फर्स्ट इंडिया न्यूज के डायरेक्टर डॉ. महिपाल सिंह निम्बाड़ा ने निवृत्ति कुमारी मेवाड़ और ओलंपियन ध्यानचंद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “उनकी उपस्थिति से यह समारोह ऐतिहासिक बन गया।”
इस अवसर पर हॉकी राजस्थान के महासचिव श्री मित्रानंद पूनिया, कोषाध्यक्ष मलकीत मान, उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह शेखावत, कार्यक्रम संयोजक नाहर सिंह झाला, सह संयोजक कुलदीप शर्मा, समन्वयक डॉ. दिग्विजय सिंह राणावत, सह समन्वयक ललित प्रजापत एवं महिपाल सिंह झाला सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल की हॉकी टीम के खिलाड़ियों के साथ फोटो सेशन आयोजित किया गया।
विद्या भवन स्कूल में हुआ दूसरा स्वागत समारोह
सिटी पैलेस के बाद ट्रॉफी विद्या भवन स्कूल, उदयपुर पहुंची, जहां विद्यार्थियों एवं युवा खिलाड़ियों ने ट्रॉफी का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
इस अवसर पर आयोजित समारोह की अध्यक्षता श्री राजेन्द्र भट्ट (मुख्य संचालक, विद्या भवन सोसायटी एवं पूर्व संभागीय आयुक्त, उदयपुर) ने की, जबकि ओलंपियन श्री अशोक कुमार ध्यानचंद "मुख्य अतिथि" रहे।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में श्री अरुण कुमार सारस्वत (अध्यक्ष, हॉकी राजस्थान), श्री मित्रानंद पूनिया (महासचिव, हॉकी राजस्थान), प्रो. दरियाव सिंह चूंडावत (अध्यक्ष, हॉकी उदयपुर), श्री शैलेंद्र सिंह (सीईओ, विद्या भवन सोसायटी), श्रीमती पुष्पा शर्मा (अध्यक्ष, विद्या भवन विद्या बंधु संस्थान), श्री गोपाल बंब (सांस्कृतिक सचिव, विद्या भवन विद्या बंधु संस्थान),
तथा श्रीमती रंजना शर्मा (उप प्राचार्या, विद्या भवन सीनियर सेकेंडरी स्कूल) इत्यादि गणमान्य जन उपस्थित रहे ।
कार्यक्रम का संयोजन नाहर सिंह झाला और कुलदीप शर्मा द्वारा तथा समन्वयन डॉ. दिग्विजय सिंह राणावत और ललित प्रजापत द्वारा किया गया।
उदयपुर बना हॉकी ट्रॉफी यात्रा का ऐतिहासिक पड़ाव
एफआईएच जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप ट्रॉफी का उदयपुर आगमन शहर के लिए ऐतिहासिक क्षण रहा। यह आयोजन न केवल राजस्थान में हॉकी के पुनर्जागरण का प्रतीक बना, बल्कि इसने युवाओं में राष्ट्रीय खेल के प्रति उत्साह और गर्व की नई लहर पैदा की।
भारत आगामी 28 नवम्बर 2025 से तमिलनाडु में जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप की मेजबानी करेगा। इस अवसर पर वर्ल्ड कप ट्रॉफी देशभर के प्रमुख शहरों में भ्रमण करती हुई तमिलनाडु पहुंचेगी।
