कन्हैयालाल हत्याकांड फैसले में देरी पर अशोक गहलोत का हमला

कहा-“आज तक ऐसी लापरवाही नहीं देखी”

 | 

उदयपुर 22 सितंबर 2025। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को उदयपुर सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कन्हैयालाल हत्याकांड को लेकर केंद्र सरकार और बीजेपी पर बड़ा हमला बोला।

गहलोत ने कहा कि इस हत्याकांड को तीन साल से अधिक हो गए हैं। केस पहले दिन से ही एनआईए (NIA) के पास है, चालान भी पेश हो गया लेकिन अभी तक फैसला नहीं आया। कुल 166 गवाहों में से 15 की गवाही भी पूरी नहीं हो पाई। 

उन्होंने कहा, “ऐसी लापरवाही मैंने आज तक नहीं देखी। मेरा दावा है कि अगर केस हमारे पास होता तो छह महीने से एक साल के भीतर फैसला हो जाता और आरोपियों को आजीवन कारावास या फांसी की सजा जरूर मिलती।”

गहलोत ने बीजेपी पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि हत्या करने वाले दोनों आरोपी बीजेपी के कार्यकर्ता थे।

उन्होंने कहा,“मैंने कई बार यह सवाल उठाया लेकिन आज तक बीजेपी ने इसका खंडन नहीं किया। हाल ही में गृह मंत्री अमित शाह दौरे पर आए थे, उम्मीद थी कि वे इस पर कुछ बोलेंगे लेकिन उन्होंने भी चुप्पी साधी। चुनाव हरवाने के लिए यह उनकी स्ट्रेटजी का हिस्सा था।”

वर्तमान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को लेकर भी गहलोत ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, मैं सीएम को समस्याओं पर लेटर लिखता हूं लेकिन कभी जवाब नहीं आता। पहले लोगों में यह भय रहता था कि राज देख रहा है, लेकिन अब लगता है राज घूम रहा है। सीएम को नियमित मीटिंग कर जनसमस्याएं सुननी चाहिए।

बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए और कहा कि धौलपुर में सीएम ने हेलीपेड पर ही लोगों से मुलाकात कर ली, जबकि उन्हें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जाकर हालात देखने चाहिए थे।

अन्नपूर्णा योजना को बंद करने पर गहलोत ने कहा, “मैं जहां भी जाता हूं, लोग पूछते हैं कि साहब थैला क्यों गायब हो गया। हमने गरीबों को थैले में राशन भरकर दिया और प्रधानमंत्री मोदी खाली थैला दे रहे हैं। सीएम का थैला भरा और पीएम का खाली। उनको तो डबल देना चाहिए। अगर फोटो हटानी थी तो मेरी फोटो हटाकर भजनलाल जी की फोटो लगा देते, लेकिन योजना बंद नहीं करनी चाहिए थी।

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal