Udaipur Files:कन्हैयालाल साहू के बेटे यश और तरुण भी मूवी देखने पहुंचे
देशभर के 4500 स्क्रीन पर रिलीज हुई Udaipur Files
उदयपुर 8 अगस्त 2025। कन्हैयालाल हत्याकांड पर आधारित फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ आज देशभर के 4500 स्क्रीन पर रिलीज हो गई। उदयपुर के अरबन स्क्वायर मॉल में कन्हैयालाल साहू के बेटे यश और तरुण भी मूवी देखने पहुंचे।
यश तेली ने बताया कि लंबे संघर्ष के बाद यह फिल्म लोगों के सामने आई है। इसे कई जगहों पर चुनौती दी गई, यहां तक कि हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में भी मामला गया। बाद में इसका निर्णय केंद्र सरकार पर छोड़ दिया गया। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और सरकार ने फिल्म देखने के बाद कहा कि यह किसी भी समुदाय को नुकसान पहुंचाने वाली नहीं है, इसलिए इसे जल्द रिलीज किया जाए।
यश ने बताया कि वह और उनका परिवार फिल्म देखने आए हैं, लेकिन उनकी मां इस बार साथ नहीं आईं। पहले भी जब उन्होंने फिल्म देखने की कोशिश की थी, तब उन्हें काफी परेशानी हुई थी, इसलिए इस बार उन्हें साथ नहीं लाने का निर्णय लिया गया।
यश ने कहा कि फिल्म से यह संदेश जाता है कि उनका परिवार तीन साल से न्याय के लिए खड़ा है, लेकिन अभी तक न्याय नहीं मिला है। उन्होंने देश की जनता से अपील की कि वे उनका साथ दें ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द सजा मिल सके।
यश तेली ने बताया कि फिल्म में यह दिखाया गया है कि आतंकवादी मानसिकता वाले लोगों ने किस तरह उनके पिता की हत्या को अंजाम दिया। उन्होंने लोगों से फिल्म देखने और घटना की सच्चाई को समझने की अपील की।
