ठहाकों के बीच रिश्तों, सियासत और जिंदगी की नब्ज टटोल गया ‘शरद रंग’ का कवि सम्मेलन

 | 
Shilpgram Kavi Sammelan

 

Udaipur Times, Udaipur News:  उदयपुर के शिल्पग्राम के मुक्ताकाशी मंच पर ‘शरद रंग’ उत्सव की तीसरी शाम हंसी महज मनोरंजन बनकर नहीं आई, बल्कि रिश्तों की नाजुक डोर, सियासत की विडंबनाओं और जीवन के खट्टे-मीठे अनुभवों को छूते हुए संवेदनशील काव्य-संवाद में बदल गई। पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर की ओर से आयोजित हास्य कवि सम्मेलन में शब्दों के रंग, व्यंग्य की धार और गीतों की मिठास ने देर रात तक श्रोताओं को बांधे रखा।

विशिष्ट अतिथि जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन की उपस्थिति में मंच पर डॉ. अरुण जैमिनी, डॉ. प्रवीण शुक्ल, डॉ. मनीषा शुक्ला, गोविंद राठी, चेतन चर्चित और डॉ. चिराग जैन ने अपने काव्य-पाठ से अलग-अलग रंग उकेरे।

काव्य-रात्रि का आरंभ चेतन चर्चित की हास्य रचना से हुआ। उन्होंने अपनी विशिष्ट लय में श्रोताओं को गुदगुदाने के बाद जब पढ़ा—“कई सुरों को सजाना है, ताल बाकी है, कमाल ये है कि अपना कमाल बाकी है…” तो मुक्ताकाशी मंच तालियों की गूंज से भर उठा।

डॉ. प्रवीण शुक्ल ने जीवनानुभवों और संबंधों की गरिमा को स्वर देते हुए कहा—“जाने कितने अनुभवों का है यही बस सार अंतिम, तोड़ना मत रिश्तों का कभी तार अंतिम…।” उनकी पंक्तियों ने हास्य के बीच रिश्तों को सहेजने का आत्मीय संदेश भी दिया। गोविंद राठी ने अपने व्यंग्य-बाणों से बदलती राजनीतिक व्यवस्थाओं पर चुटकी ली—“हर युग में सियासत की अपनी-अपनी व्यवस्थाएं होती हैं…।” श्रोताओं ने इस रचना में समकालीन समय की हल्की-सी चुभन और गहरी मुस्कान दोनों महसूस कीं।

सम्मेलन की इकलौती कवयित्री डॉ. मनीषा शुक्ला ने भावों की कोमल दुनिया रचते हुए सुनाया—“खुद पर रोया आंसू केवल पानी है, सुख-दुःख दोनों इक-दूजे के सानी हैं… हंसने को तो एक लतीफा काफी है, रोने को कम पड़ती एक कहानी है…।” उनकी रचना ने जीवन के द्वंद्व को बेहद सहजता से अभिव्यक्त किया।

सूत्रधार कवि डॉ. चिराग जैन ने मंचीय कविता की लोक-परंपरा को प्रणाम करते हुए “कविता को आसान बनाकर जन-जन तक पहुंचाने वाले, तुलसी बाबा के वंशज हैं हम मंचों पर जाने वाले…” सुनाकर खूब वाहवाही पाई। कवि सम्मेलन के सिरमौर डॉ. अरुण जैमिनी ने हास्य-व्यंग्य की अनेक फुलझड़ियां छोड़ते हुए कहा—“मिलकर जिनसे उम्र हम तमाम करते हैं, दर्द को भूलने का इंतजाम करते हैं…”। उनकी प्रस्तुतियों ने खचाखच भरे मंच परिसर को ठहाकों और तालियों से सराबोर कर दिया।

औपचारिक संचालन राव अजात शत्रु ने किया। केंद्र निदेशक डॉ. अश्विन एम. दलवी ने बताया कि उत्सव का समापन रविवार, 15 नवम्बर की शाम ‘इंब्रेस बाय हसरत’ प्रस्तुति से होगा। कार्यक्रम में शाम 6 बजे से प्रवेश निःशुल्क रहेगा।

शिल्पांगन में थाली पर सज रही भारत-यात्रा

‘शरद रंग’ में सुरों और शब्दों के साथ स्वादों का उत्सव भी पूरे शबाब पर है। शिल्पांगन में 15 नवम्बर तक दिनभर देश के अलग-अलग प्रांतों की पाक-परंपराएं एक ही परिसर में मिलने का अवसर दे रही हैं। राजस्थान की दाल-बाटी-चूरमा से लेकर लखनऊ के काजू गलावटी वेज कबाब, ओडिशा के जगन्नाथपुरी प्रसाद, पश्चिम बंगाल की पीठा-पुली और बिहार के लिट्टी-चोखा तक स्वादों की लंबी श्रृंखला लोगों को आकर्षित कर रही है।

हरियाणा का जलेबा, पंजाब का अमृतसरी कुलचा, उत्तर प्रदेश की चाट, अवध की मिठास, गुजरात का पातरा, महाराष्ट्र की पूरन पोली और उत्तराखंड की सेल रोटी-चटनी भी यहां उपलब्ध है। वहीं नॉन-वेज के शौकीन हैदराबादी बिरयानी का स्वाद ले सकते हैं। शिल्पांगन इस तरह एक ऐसी स्वाद-गली बन गया है, जहां हर कदम पर भारत की नई खुशबू और हर थाली में एक नया प्रदेश मिल रहा है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News