युवाओं के आकर्षण का केंद्र बनी कोड़ियात जल सुरंग
सुरंग के भीतर का नजारा रोमांचक जरूर है, लेकिन खतरे से खाली नहीं
उदयपुर की कोड़ियात जल सुरंग इन दिनों युवाओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यहां युवाओं की टोलियां कार और बाइक लेकर सुरंग के भीतर तक जा रही हैं और रील बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर रही हैं।
यह सुरंग आकोदड़ा डेम से पिछोला झील तक पानी पहुंचाने के लिए बनाई गई है। 11.1 किलोमीटर लंबी इस टनल से डेम का पानी झील में छोड़ा जाता है। कोड़ियात क्षेत्र में बुझड़ा नदी के पास सुरंग का रास्ता है, जहां बाहर लगा लोहे का गेट फिलहाल खुला हुआ है। इसी खुले रास्ते से लोग बाइक, कार और पैदल अंदर प्रवेश कर रहे हैं।
सुरंग के भीतर का नजारा रोमांचक जरूर है, लेकिन खतरे से खाली नहीं। यहां पहुंचने वाले युवाओं को इसका अंदाजा तक नहीं है। तीन बाइकों से पहुंचे लोग और 6-7 अन्य युवक सुरंग में घूमते हुए मोबाइल कैमरों से तस्वीरें और वीडियो बना रहे थे।
टनल में इस समय 7 से 8 इंच पानी बह रहा है। इसके भीतर चार बड़े कुएं जैसे शाफ्ट बने हुए हैं, जिनसे हवा आती रहती है और दम घुटने जैसी स्थिति नहीं बनती। हालांकि गेट खुले रहने और सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग बेखौफ अंदर जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को तुरंत इस पर ध्यान देना चाहिए। गेट बंद करवाने और सुबह से शाम तक दोनों छोर पर सुरक्षा गार्ड तैनात करने की मांग उठाई गई है।
याद दिला दें कि वर्ष 2011 में जब यह टनल बनाई जा रही थी, तब डोडावली के पास मलबा गिरने से नारायण नाम का एक व्यक्ति करीब 7 दिन तक इसी सुरंग में फंसा रहा था। बड़ा रेस्क्यू अभियान चलाकर उसे बाहर निकाला गया था।