यूजर चार्ज लागू किए जाने के विरोध में बंद रही कृषि मंडी

बड़ी संख्या में व्यापारी एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया
 
 | 
Krishi Mandi

उदयपुर 20 अगस्त 2025। राज्य सरकार द्वारा गैर अधिसूचित जिंसों पर 50 पैसे प्रति 100 रुपये यूजर चार्ज लागू किए जाने के विरोध में उदयपुर में व्यापारियों ने आज जोरदार आंदोलन किया। कृषि मंडी के गेट नंबर एक पर बड़ी संख्या में व्यापारी एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

व्यापारियों का कहना है कि इस निर्णय से आम आदमी और किसानों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा और व्यापारियों को भी लगातार हिसाब-किताब के झंझट में उलझना पड़ेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस यूजर चार्ज को वापस नहीं लिया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

आंदोलन के दौरान मंडी के सभी गेट बंद कर दिए गए और मंडी परिसर में सन्नाटा छा गया। गेट नंबर एक और दो से वाहनों का प्रवेश भी रोक दिया गया। उदयपुर दाल-चावल व्यापार संघ के नेतृत्व में विभिन्न संगठनों ने बंद का आह्वान किया।

Krishi Mandi

संघ के पदाधिकारी मनीष मारू ने कहा कि यह टैक्स पूरी तरह से अन्यायपूर्ण है। इससे व्यापारी और उपभोक्ता दोनों प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा कि “यह टैक्स इंस्पेक्टर राज को बढ़ावा देगा और व्यापारियों पर अतिरिक्त बोझ डालेगा।”

व्यापारी चिराग बंसल ने उदाहरण देते हुए कहा कि एक तेल का डिब्बा जिसकी कीमत ढाई हजार रुपये तक है, उस पर 10 से 15 रुपये तक अतिरिक्त यूजर चार्ज लग जाएगा। इसका सीधा असर किसानों और आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ेगा।

व्यापारियों का कहना है कि दाल, चावल, मसाले और खाद्य तेल जैसे गैर अधिसूचित जिंसों पर यह यूजर चार्ज थोक से लेकर खुदरा स्तर तक कीमतें बढ़ा देगा। उनका तर्क है कि पहले से ही मंडी शुल्क, जीएसटी और अन्य कर लागू हैं। ऐसे में यूजर चार्ज एक प्रकार से "दोहरे कर" जैसा है, जो कर प्रणाली को और जटिल बना देगा। उन्होंने यह भी कहा कि पड़ोसी राज्यों में ऐसा कोई चार्ज लागू नहीं है।