आग की लपटों में घिरा कुंभलगढ़ अभयारण्य

वन्यजीवों में मचा हाहाकार 
 | 

राजसमन्द 2 मई 2026। ज़िले के कुंभलगढ़ वन्यजीव अभयारण्य में शुक्रवार दोपहर अचानक भीषण आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते जंगल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। अरावली पर्वतमाला स्थित मोडिया वनपाल नाका के पास हर्बीवोर एनरिचमेंट एनक्लोजर और रेस्क्यू सेंटर के आसपास लगी आग तेज हवाओं के कारण तेजी से फैलती चली गई।

दोपहर करीब 2 बजे शुरू हुई यह आग कुछ ही मिनटों में विकराल रूप लेती नजर आई। सूखी घास, झाड़ियां और वन क्षेत्र धू-धू कर जलने लगे। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही वन विभाग हरकत में आया। पाली ज़िले के सादड़ी और बाली से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। वनकर्मी, दमकल दल और स्थानीय ग्रामीण पानी के टैंकरों के साथ आग बुझाने में जुट गए। हालांकि तेज हवाओं के कारण आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी और कुछ समय के लिए हालात नियंत्रण से बाहर होते नजर आए।

आग की वजह से जंगल में रहने वाले वन्यजीवों में भगदड़ मच गई। जंगली सूअर सहित कई जानवर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखाई दिए। राहत की बात यह रही कि आग रेस्क्यू सेंटर तक नहीं पहुंची, जिससे वहां मौजूद वन्यजीव सुरक्षित रहे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग से बड़े पैमाने पर वन क्षेत्र, घास और झाड़ियां जलकर नष्ट हो गई हैं, जिससे वनसम्पदा को भारी नुकसान होने की आशंका है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वन विभाग की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने और नुकसान का आकलन करने में जुटी हुई है।

#Kumbhalgarh #Rajsamand #RajasthanNews #UdaipurNews #ForestFire #WildlifeSanctuary #BreakingNews #Environment #Aravalli #IndiaNews #LocalNewsRajasthan #WildlifeProtection

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News