उदयपुर के लदाना गांव में दूषित पानी से 19 वर्षीय युवती की मौत
ग्रामीणों ने फैक्ट्री पर लगाया आरोप
उदयपुर 27 अक्टूबर 2025। जिले के फतहनगर थाना क्षेत्र के वासनीकला पंचायत के लदाना गांव में दूषित पानी पीने से 19 वर्षीय युवती की मौत का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पास की फैक्ट्री से निकलने वाला केमिकल आसपास के कुओं के पानी में मिल रहा है, जिससे गांव का पानी पीने योग्य नहीं रहा।
जानकारी के अनुसार, युवती सोनू कंवर ने सोमवार शाम को पानी पिया, जिसके बाद उसे सांस लेने में तकलीफ होने लगी। परिजनों ने तुरंत उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सोनू कंवर 10वीं कक्षा की छात्रा थी और अपने मामा दिलीप सिंह के पास रहकर पढ़ाई कर रही थी। उसका परिवार पाली ज़िले में रहता है।
मृतका के मामा दिलीप सिंह ने बताया कि पहले भी सोनू की तबीयत इसी दूषित पानी के कारण बिगड़ी थी। कई बार प्रशासन को इसकी शिकायत दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि फैक्ट्री से निकलने वाला रासायनिक पानी ग्रामीणों के कुंओ में घुस गया है, जिससे लोग और किसान दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
मौत की जानकारी मिलने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सोनू का शव लेकर फैक्ट्री के बाहर धरना शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर मावली SDM रमेश सिरवी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने SDM को घेरते हुए बोतल में भरा वही दूषित पानी पीने की चुनौती दी, जिससे युवती की मौत का आरोप है। SDM ने पानी पीने से इनकार कर दिया।
मौके पर पुलिस और प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित किया और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। फिलहाल शव को एमबी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
