100% अंक लाकर लक्षित ने रचा इतिहास
सेरेब्रल पाल्सी से जूझते हुए उदयपुर के 13 वर्षीय छात्र ने 10वीं बोर्ड में दिव्यांग श्रेणी में हासिल किए पूरे अंक
उदयपुर ,17 अप्रैल 2026 - सेरेब्रल पाल्सी जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे 13 वर्षीय लक्षित परमार ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में दिव्यांग श्रेणी में 100 प्रतिशत अंक हासिल कर मिसाल पेश की है।
शारीरिक रूप से असमर्थ होने के बावजूद लक्षित ने अपनी मेहनत और हौसले से यह उपलब्धि हासिल की। लक्षित अपने हाथ-पैरों से सामान्य कार्य नहीं कर पाता और खुद से लिखने में भी असमर्थ है। उसने परीक्षा राइटर की मदद से दी। उसके पिता दिनेश कुमार परमार रोज उसे गोद में उठाकर स्कूल लेकर जाते थे।
परिवार ने हर कदम पर उसका साथ दिया। लक्षित रोजाना 3 से 4 घंटे पढ़ाई करता था और अधिकतर समय लेटकर ही पढ़ाई करता था। उसने ऑनलाइन माध्यम से भी तैयारी की और सभी विषयों पर बराबर ध्यान दिया। शिक्षकों के अनुसार वह बेहद मेधावी और जिज्ञासु छात्र है, जो एक बार पढ़ने पर ही विषय को अच्छी तरह समझ लेता है।
मां रेखा परमार और दो छोटी बहनों ने भी उसे लगातार प्रोत्साहित किया। परिवार और शिक्षकों के सहयोग से लक्षित ने विपरीत परिस्थितियों में भी शानदार सफलता हासिल की। लक्षित का सपना सिविल सेवा में जाकर कलेक्टर बनने का है और वह आगे भी अपनी पढ़ाई जारी रखकर इस लक्ष्य को हासिल करना चाहता है।
#Udaipur #RajasthanNews #InspiringStory #LakshitParmar #CerebralPalsy #DivyangSuccess #BoardExam2026 #StudentInspiration #EducationIndia #SuccessStory #Motivation #UdaipurNews #RajasthanEducation #NeverGiveUp #IndianStudents
