उदयपुर में लेन इंफोर्समेंट अभियान की शुरुआत
सड़क सुरक्षा बढ़ाने और वाहन चालकों को लेन अनुशासन के प्रति जागरूक करने हेतु पुलिस द्वारा जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाई गई
उदयपुर 14 नवंबर 2025 - शहर में वाहन चालकों को लेन में चलने के लिए जागरूक करने हेतु लेन इंफोर्समेंट कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
पुलिस महानिदेशक राजस्थान राजीव शर्मा के आदेश पर यह अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में उदयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव और जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देशन में खेरवाड़ा क्षेत्र में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा अंजना सुखवाल ने रिषभदेव के वृत्ताधिकारी राजीव राहर, खेरवाड़ा थानाधिकारी दलपत सिंह और एनएचएआई अधिकारी अन्नादुरई की टीम की मौजूदगी में खाण्डी ओवरी टोल प्लाजा से विशेष जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
अभियान का उद्देश्य प्रमुख सड़कों पर वाहन चालकों को अपनी निर्धारित लेन में चलने के लिए प्रेरित करना, सड़क हादसों में कमी लाना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस पहल से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे निर्धारित लेन का पालन करें, ओवरटेक करते समय नियमों का ध्यान रखें और यातायात संकेतों का सख्ती से पालन करें।
