उदयपुर 1 जुलाई 2025। आयड़ नदी के किनारे सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ सोमवार को पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया द्वारा किया गया इस दौरान उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, उदयपुर विकास प्राधिकरण आयुक्त राहुल जैन, अतिरिक्त जिला कलक्टर दीपेंद्र सिंह, निवर्तमान महापौर गोविंद सिंह टांक, समाजसेवी गजपाल सिंह, पूर्व सभापति रविन्द्र श्रीमाली, सेवानिवृत्त जिला वन अधिकारी इंद्रपाल सिंह मथारु सहित जिला प्रशासन, वन विभाग के आला अधिकारी भी उपस्थित रहे।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि सोमवार को आयड नदी के दोनों छोर पर सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम की शुरूआत की गई है। लगाए गए पेड़ लगभग 10 से 12 फीट लंबे है। पहले चरण में करीब 2300 पौधे रोपे जाएंगे जो हिंदुस्तान जिंक की तरफ से उपलब्ध करवाए गए है। निगम आयुक्त स्वयं पिछले कई समय से निगम अधिकारियों संग इसकी तैयारी में लगे हुए थे।
सोमवार को शुरू हुआ पहला चरण
निगम आयुक्त ने बताया कि आयड नदी के दोनों छोर पर 10 किमी क्षेत्र में पेड़ लगाए जा रहे हैं। यह पेड़ 10 से 12 फीट लंबे है। वर्तमान में अर्जुन, जामुन आदि फलदार पेड़ भी लगवाए जा रहे हैं जिससे यहां पक्षियों के लिए भी नया क्षेत्र तैयार होगा। सोमवार से शुरू हुए अभियान में हिंदुस्तान जिंक द्वारा कुल 5000 पेड़ में से 2300 पेड़ दिए गए है, शेष पेड़ जल्द आयेंगे वो भी आयड नदी के साथ आवश्यकता अनुसार शहर में वृक्षारोपण हेतु उपयोग में लिए जाएंगे।
शहर का प्रमुख पर्यटन स्थल होगा आयड।
नगर निगम द्वारा सोमवार से शुरू किए गए वृक्षारोपण कार्यक्रम में पंजाब के महामहिम राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि आने वाले समय में यह स्थान उदयपुर के रामुख पर्यटन स्थलों में शुमार किया जाएगा। इसको सुधारने में उदयपुर के हर वर्ग ने अपना अमूल्य योगदान दिया है। कभी यह स्थान उदयपुर का सबसे गंदा स्थान होता था लेकिन मन में सुधारने की योजना बनाई तो हमे सफलता भी मिली। नगर निगम, उदयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा शहर के विकास में सकारात्मक कार्य किया जा रहा है आने वाले समय में उदयपुर और अधिक सुंदर नजर आएगा।
कार्यक्रम में उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन ने आयड नदी के सीमांकन को लेकर भी अग्रिम कार्यवाही करने की आवश्यकता पर जोर दिया। ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा ने शहर के आसपास रायता , पिपल्या सहित कई नए पर्यटन स्थल के विकास को लेकर अपनी बात रखी।
कार्यक्रम के प्रारंभ में नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना एवं उदयपुर विकास प्राधिकरण आयुक्त राहुल जैन द्वारा शहर में हो रहे विकास कार्यों के बारे में अवगत कराया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में उप वन संरक्षक मुकेश सैनी, स्मार्ट सिटी सीईओ कृष्णपाल सिंह चौहान,नगर निगम अधीक्षण अभियंता मुकेश पुजारी, अधिशाषी अधिकारी अखिल गोयल, लखन लाल बैरवा, स्वास्थय अधिकारी सत्यनारायण शर्मा, निवर्तमान पार्षद, पूर्व पार्षद, बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal