Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर राजस्व न्यायालयों में व्याप्त समस्याओं एवं व्यवस्थाओं में सुधार की मांग को लेकर आज से अधिवक्ताओं ने राजस्व न्यायालयों में न्यायिक कार्यों का बहिष्कार किया। करीब 100 अधिवक्ता दोपहर 12:30 बजे जिला कलक्टर कार्यालय पहुंचे तथा राजस्व न्यायालयों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर 10 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिला कलक्टर को सौंपा।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से बड़गांव एसडीओ न्यायालय को जिला कलक्टर परिसर अथवा गिरवा तहसील परिसर में स्थापित करने की मांग उठाई गई। अधिवक्ताओं ने बताया कि बड़गांव एसडीओ न्यायालय अन्य राजस्व न्यायालयों से लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित होने के कारण अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस संबंध में पूर्व में भी कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई है।
इसके साथ ही राजस्व बोर्ड अजमेर द्वारा 15 अक्टूबर 2026 को उदयपुर में आयोजित कैंप के दौरान अदम पैरवी में खारिज की गई 15 फाइलों को पुनः सुनवाई हेतु लेने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। अधिवक्ताओं का कहना है कि उक्त प्रकरणों में पुनः सुनवाई का अवसर प्रदान किया जाए, ताकि संबंधित पक्षकारों को न्याय मिल सके।
ज्ञापन में राजस्व मंडल की सर्किट बेंच की नियमित बैठक आयोजित करने, स्थायी डबल बेंच स्थापित करने, राजस्व न्यायालयों में प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक नियमित सुनवाई सुनिश्चित करने, जीसीएमएस पोर्टल पर प्रकरणों एवं आदेशों की जानकारी समय पर उपलब्ध कराने, सुनवाई के लिए अधिवक्ताओं को टेलीफोन से सूचना देने तथा सुनवाई पूर्ण होने के बाद निर्धारित समय में निर्णय पारित करने की मांग की गई।
इसके अलावा पीठासीन अधिकारियों को सीपीसी एवं राजस्व कानूनों का प्रशिक्षण देने, अधिवक्ताओं एवं पीठासीन अधिकारियों के मध्य सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखने तथा एसीएम न्यायालयों में अनुभवी एवं स्थायी पीठासीन अधिकारियों की नियुक्ति की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि उक्त 10 सूत्रीय मांगों के समाधान एवं राजस्व न्यायालयों की व्यवस्थाओं में सुधार होने तक समस्त राजस्व न्यायालयों में अधिवक्ता अनिश्चितकालीन न्यायिक कार्यों से विरत रहेंगे।
ज्ञापन प्रस्तुत करने के दौरान बार एसोसिएशन उदयपुर के अध्यक्ष जितेंद्र जैन, उपाध्यक्ष महेंद्र मेनारिया, सचिव आशीष कोठारी, लोकेश मेनारिया, पुष्कर लोहार, दशरथ सिंह राजपुरोहित, हीरालाल मेनारिया, सत्यप्रकाश व्यास, देवी लाल जाट, सुरेश शर्मा सहित कई अधिवक्ता गण उपस्थित रहे।
अधिवक्ताओं ने प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की, ताकि राजस्व न्यायालयों की व्यवस्थाओं में सुधार हो तथा अधिवक्ताओं एवं आम पक्षकारों को राहत मिल सके।