उदयपुर में वकीलों का धरना रात 12:30 बजे खत्म, निष्पक्ष जांच के आश्वासन पर बनी सहमति

 | 
Lawyers Dharna

 

Udaipur Times, Udaipur News:  उदयपुर के सवीना थाना क्षेत्र में वकील के रिश्तेदार के प्लॉट पर कथित कब्जे और जान से मारने की धमकी के विरोध में चल रहा वकीलों का धरना सोमवार रात करीब 12:30 बजे समाप्त हो गया। वकीलों ने भूमाफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए सवीना थानाधिकारी दलबीर सिंह को लाइन हाजिर करने की मांग की थी। पुलिस अधिकारियों के साथ वार्ता के बाद धरना समाप्त करने पर सहमति बनी।

वार्ता में एसपी डॉ. अमृता दुहन और एएसपी उमेश ओझा मौजूद रहे। इस दौरान वकीलों और सीआई के बीच आमने-सामने बातचीत हुई। आईजी ने कहा कि बिना जांच सीधे लाइन हाजिर करने से पुलिस का मनोबल प्रभावित हो सकता है। हालांकि, उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और सीआई के दोषी पाए जाने पर कार्रवाई करने की बात कही। इसके बाद वकीलों ने धरना समाप्त कर दिया।

धरने में बार अध्यक्ष जितेंद्र जैन, राजेश जाजोदिया, राव रतन सिंह, पूर्व अध्यक्ष राकेश मोगरा, मनीष शर्मा और भरत जोशी सहित अन्य वकील शामिल रहे।

बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव चेतनपुरी गोस्वामी ने बताया कि विवाद साथी वकील राजेश जाजोदिया के रिश्तेदार देवेंद्र अग्रवाल के गोविंद नगर स्थित प्लॉट से जुड़ा है। आरोप है कि कौशल आमेटा प्लॉट पर अवैध कब्जा करने की कोशिश कर रहा है।

चेतनपुरी गोस्वामी के अनुसार, रविवार को प्लॉट मालिक देवेंद्र अग्रवाल और वकील वहां सफाई करवा रहे थे। इसी दौरान कौशल आमेटा ने कथित तौर पर उन पर पथराव कर दिया। वकीलों का आरोप है कि घटना की रिपोर्ट लेकर सवीना थाने पहुंचने के बावजूद पुलिस ने उनकी शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं की।

वकीलों ने थानाधिकारी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उन्हें तत्काल लाइन हाजिर करने की मांग की थी। हालांकि, अधिकारियों की ओर से निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई के आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त कर दिया गया।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News