"प्रधानमंत्री से मुलाकात का वक़्त ना मिलने पर वकील करेंगे विरोध"

बार एसोसिएशन उदयपुर की रविवार को आपातकालीन बैठक आयोजित हुई
 | 
"Udaipur Lawyers Warn of Black Flag Protest During PM Modi Visit – Sept 25"

उदयपुर- 22 सितंबर 2025 मेवाड़-वागड़ हाईकोर्ट बेंच संघर्ष समिति और बार एसोसिएशन उदयपुर की रविवार को आपातकालीन बैठक आयोजित हुई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का समय नहीं दिया गया तो 25 सितंबर को बांसवाड़ा प्रवास के दौरान अधिवक्ता काले झंडे दिखाकर विरोध दर्ज कराएंगे। संघर्ष समिति के संयोजक रमेश नंदवाना ने बताया कि यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया है। इसके लिए संभाग के सातों जिलों से पांच हजार से अधिक अधिवक्ताओं को बांसवाड़ा पहुंचने का आह्वान किया गया है।

समिति के डॉ. रामकृपा शर्मा ने कहा कि यदि 23 या 24 सितंबर तक प्रधानमंत्री से मुलाकात का समय मिल जाता है तो यह विरोध स्थगित कर दिया जाएगा, अन्यथा विरोध प्रदर्शन तय रहेगा। बार एसोसिएशन अध्यक्ष चंद्रभान सिंह शक्तावत ने बताया कि दो दिवसीय हड़ताल के दौरान अधिवक्ता काली पट्टी बांधकर न्यायालय परिसर में विरोध जारी रखेंगे।

उन्होंने चेतावनी दी कि हड़ताल के दौरान कार्य करते पाए गए अधिवक्ताओं को 25 सितंबर के बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा और उनकी सदस्यता निलंबित कर दी जाएगी। महासचिव महावीर प्रसाद शर्मा ने कहा कि हड़ताल का उल्लंघन करने वाले अधिवक्ताओं की सूची तैयार कर ली गई है।

सोशल मीडिया पर आंदोलन के खिलाफ टिप्पणियां करने वालों को भी चिह्नित किया गया है, जिन पर सामाजिक बहिष्कार सहित अनुशासनात्मक कदम उठाए जाएंगे।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 25 सितंबर को प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान उदयपुर आने वाले केंद्रीय और राज्य मंत्रियों से संपर्क कर मुलाकात का समय तय करने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए छह सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। बैठक में संघर्ष समिति और बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्ता और पूर्व अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News