Udaipur Times, Railway News: राजस्थान में दिल्ली-मुंबई औद्योगिक गलियारा (DMIC) परियोजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे जोधपुर-पाली-मारवाड़ औद्योगिक क्षेत्र (JPMIA) में हाल ही में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल हुई हैं। राजस्थान इंडस्ट्रियल कॉरिडोर्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (रिडको) द्वारा जिला पाली के रोहट में JPMIA-SIR की एकीकृत औद्योगिक टाउनशिप विकसित की जा रही है।
प्रस्तावित एकीकृत औद्योगिक टाउनशिप में 288 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित किए जाने वाले मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स हब (MMLH) के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल द्वारा रोहट स्टेशन (लूणी-मारवाड़ जंक्शन खंड) से रेलवे साइडिंग बिछाने की सैद्धांतिक स्वीकृति मिल गई है।
यह स्वीकृति सभी संबंधित शाखा अधिकारियों द्वारा तकनीकी व्यवहार्यता की जाँच के उपरांत गति शक्ति कार्गो टर्मिनल नीति के तहत दी गई है। इस स्वीकृति से साइडिंग स्थापित करने तथा टाउनशिप में रेल आधारित माल परिवहन का मार्ग प्रशस्त हो गया है। एमएमएलएच की स्थापना में निजी भागीदारों की सहभागिता के संबंध में सुझाव प्राप्त करने के लिए शीघ्र ही हितधारकों के साथ परामर्श किया जाएगा।