Udaipur Times, Leopard Terror in Udaipur: उदयपुर जिले के भिंडर थाना क्षेत्र के वाणियातलाई गांव में शनिवार रात लेपर्ड ने बाड़े में घुसकर 6 बकरियों का शिकार कर लिया। सुबह पशुपालक जब बाड़े में पहुंचा तो सभी बकरियां मृत मिलीं। घटना के बाद गांव में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार सरकारी सीनियर सेकंडरी स्कूल से करीब 300 मीटर दूर मोडा पुत्र अमरा रावत के बाड़े में रात को लेपर्ड घुस गया। बाड़े में बंधी बकरियों पर हमला कर उसने सभी 6 बकरियों को मार डाला। सुबह घटना का पता चलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग को सूचना दी।
सूचना पर भिंडर थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का जायजा लिया। ग्रामीणों का कहना है कि मौके पर मिले पैरों के निशानों से लेपर्ड के साथ उसके शावकों की मौजूदगी की भी आशंका है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में लेपर्ड पहले भी तीन बार मवेशियों का शिकार कर चुका है। पूर्व में वन विभाग को सूचना देने के बावजूद पिंजरा नहीं लगाया गया। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय है और लोग रात के समय अकेले बाहर निकलने से बच रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से लेपर्ड को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है।