जंगल में बकरियां चरा रहे युवक पर तेंदुओं के झुंड का हमला

गंभीर घायल, ज़िला अस्पताल रेफर

 | 

घटना के बाद इलाके में दहशत

उदयपुर 12 मार्च 2026। ज़िले के गोगुंदा क्षेत्र के मोडी ग्राम पंचायत के कांकण का गुड़ा के लाम क्षेत्र में बुधवार शाम जंगल में बकरियां चरा रहे एक युवक पर तेंदुओं के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार कांकण का गुड़ा निवासी लोगर लाल पुत्र भैरा गमेती जंगल में बकरियां चरा रहा था। इसी दौरान नर, मादा और शावक सहित तेंदुओं के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से युवक घबरा गया और शोर मचाने लगा। उसकी आवाज सुनकर आसपास बकरियां चरा रहे ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों की भीड़ को देखकर तेंदुए जंगल की ओर भाग गए।

ग्रामीणों ने घायल लोगर लाल को तुरंत गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ज़िला अस्पताल उदयपुर रेफर कर दिया। 

उप सरपंच प्रहलाद सिंह झाला ने घटना की सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी। ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगाकर तेंदुओं को पकड़ने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से तेंदुओं के जोड़े और उनके शावकों की आवाजाही देखी जा रही है, जिससे लोगों में डर बना हुआ है।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि करीब चार वर्ष पहले इसी इलाके में वृद्धा नवलीबाई गमेती को तेंदुए ने अपना शिकार बना लिया था, लेकिन आज तक उनके परिजनों को सरकार की ओर से मुआवजा नहीं मिला है। परिजन कई बार गोगुंदा SDM, ज़िला कलेक्टर, वन विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

#Udaipur #UdaipurNews #Gogunda #RajasthanNews #UdaipurForest #LeopardAttack #WildlifeConflict #GogundaNews #UdaipurBreaking #RajasthanWildlife