भींडर के वाणियातलाई गांव में लेपर्ड का लगातार दूसरे दिन हमला, दो दिन में 11 बकरियों का शिकार
Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर के भींडर क्षेत्र के वाणियातलाई गांव में लेपर्ड का आतंक लगातार जारी है। लेपर्ड ने लगातार दूसरे दिन हमला कर 5 बकरियों को मार दिया। इससे एक दिन पहले भी वह 6 बकरियों का शिकार कर चुका था। दो दिन में 11 बकरियों की मौत से गांव के पशुपालकों में दहशत फैल गई है।
ताजा घटना रविवार रात रामसिंह पुत्र रघुनाथ सिंह के घर के पीछे बने बाड़े की है। सुबह परिवार के लोग जागे तो बाड़े में बकरियां खून से लथपथ मृत पड़ी मिलीं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर भिंडर थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का जायजा लिया। लगातार दूसरे दिन बकरियों के शिकार से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि लेपर्ड अब इंसानों पर भी हमला कर सकता है। उन्होंने वन विभाग से पिंजरा लगाकर लेपर्ड को जल्द पकड़ने की मांग की है।
इससे पहले शनिवार रात लेपर्ड ने मोडा पुत्र अमरा रावत के बाड़े में घुसकर 6 बकरियों का शिकार किया था। एक बकरी की गर्दन गायब थी, जबकि अन्य बकरियों की गर्दन पर गहरे घाव थे। उस घटना के बाद ग्रामीणों की मांग पर वन विभाग ने बाड़े के आसपास पिंजरा लगाया था, लेकिन लेपर्ड अभी तक उसमें कैद नहीं हुआ है।
ग्रामीणों का मानना है कि दोनों घटनाओं में बकरियों का शिकार करने वाला एक ही लेपर्ड है। लगातार हमलों से पशुपालकों में भय है और ग्रामीण रात के समय बाहर निकलने से भी डर रहे हैं।