उपली बड़ी में महिला पर लेपर्ड का हमला
उदयपुर 4 मई 2026। शहर के सटे उपली बड़ी गांव में बीती रात लेपर्ड के हमले से दहशत फैल गई। लेपर्ड ने उस समय जानलेवा हमला किया जब वह अपने घर के बाहर टॉयलेट जाने के लिए निकली थीं। यह पूरी घटना रात के करीब 2 बजे की है। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिनका इलाज फिलहाल उदयपुर के महाराणा भूपाल अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार उपली बड़ी में गमेती बस्ती निवासी भूरी बाई गमेती रात को अपने कच्चे घर से बाहर खुले आंगन की तरफ निकली थीं। वह टॉयलेट जाने की तैयारी में थीं, तभी अंधेरे में घात लगाकर बैठे लेपर्ड ने अचानक उन पर झपट्टा मार दिया। लेपर्ड ने सीधे महिला के चेहरे और गर्दन को निशाना बनाया और अपने दांत गड़ा दिए।
अचानक हुए इस हमले से भूरी बाई बुरी तरह डर गईं, लेकिन उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला के तेज चिल्लाने की आवाज सुनकर लेपर्ड घबरा गया और उन्हें छोड़कर पास के घने जंगल की तरफ भाग निकला। चीख-पुकार सुनकर घरवाले और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि भूरी बाई खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ी थीं।
परिजनों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को फोन किया और मदद मांगी। महिला की हालत बिगड़ती देख ग्रामीणों ने खुद ही निजी वाहन का इंतजाम किया और रात में ही उन्हें लेकर एमबी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने तुरंत उनका इलाज शुरू किया, हालांकि जख्म गहरे होने के कारण उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना की सूचना मिलने पर बड़गांव थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से पूरी जानकारी ली। अगले दिन सुबह वन विभाग की टीम गांव पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया।
#Udaipur #UdaipurNews #Rajasthan #RajasthanNews #LeopardAttack #WildlifeAttack #BreakingNews #IndiaNews #HumanWildlifeConflict #LocalNews #UdaipurLocal #RuralIndia #ForestDepartment #TrendingNews
