पुनावली गांव में करंट की चपेट में आया लेपर्ड मौके पर दर्दनाक मौत
उदयपुर, 7 नवंबर 2025 - उदयपुर जिले के सायरा पंचायत समिति के अंतर्गत आने वाले पुना वली गांव गोगुंदा से पशु प्रेमियों के लिए दुखद खबर सामने आई है। पुनावली गांव में एक लेपर्ड की करन्ट लगने से मौत हो गई। यह हादसा ग्राम पंचायत भवन के सामने लगे ट्रांसफार्मर के पास हुआ, जहां लेपर्ड कथित रूप से किसी शिकार की तलाश में चढ़ गया था।
अचानक ट्रांसफार्मर के करन्ट की चपेट में आने से पैंथर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर उमड़ पड़ी।
उप सरपंच योगेश पालीवाल ने तुरंत सायरा वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, जिसने मौका पर्चा तैयार कर शव को कब्जे में लिया।
इसके बाद पैंथर के शव को गोगुंदा पशु चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां गठित वन विभागीय टीम द्वारा पोस्टमार्टम किया जाएगा।
पोस्टमार्टम के बाद पैंथर का अंतिम संस्कार सायरा नर्सरी परिसर में किया जाएगा। इस घटना से क्षेत्र के वन्यजीव प्रेमियों में गहरा दुःख व्याप्त है।
